टीम इंडिया के लिए नया स्पिन स्टार का उदय, डेब्यू मैच में ही अबूझ पहेली बने मानव सुथार, लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
मानव सुथार अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के लिए अभी तक अबूझ पहेली साबित हुए हैं। उनकी शानदार गेंदबाजी की वजह से अफगानिस्तान की पहली पारी सिर्फ 152 रन बनाकर सिमट गई।

टीम इंडिया को टेस्ट क्रिकेट में नया स्टार स्पिनर मिल गया है। अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे 23 साल के मानव सुथार ने अपने प्रदर्शन से इतिहास में जगह बना ली है। मानव ने अफगानिस्तान की पहली पारी में 33 रन देकर 6 विकेट झटके और भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम किरदार निभाया।
इसके साथ ही मानव सुथार टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए डेब्यू पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की सूची में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। भारत के लिए डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी का रिकॉर्ड अब भी नरेंद्र हिरवानी के नाम है, जिन्होंने 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई टेस्ट के दौरान 61 रन देकर 8 विकेट लिए थे। अब मानव सुथार का 6/33 का प्रदर्शन इस सूची में दूसरे नंबर पर आ गया है। उन्होंने 1967 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6/55 का आंकड़ा दर्ज करने वाले आबिद अली को पीछे छोड़ दिया। इतना ही नहीं, मानव सुथार इस सदी में भारत के लिए डेब्यू टेस्ट पारी में पांच विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि अमित मिश्रा ने 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हासिल की थी, जब उन्होंने 71 रन देकर 5 विकेट लिए थे।
गौरतलब है कि, मानव सुथार अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के लिए अभी तक अबूझ पहेली साबित हुए हैं। उनकी शानदार गेंदबाजी की वजह से अफगानिस्तान की पहली पारी सिर्फ 152 रन बनाकर सिमट गई। सुथार के अलावा, प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट चटकाए, जबकि एक विकेट वॉशिंगटन सुंदर ने लिया। पहली पारी के आधार पर 412 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की है।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
