IND vs AFG: टीम इंडिया को बड़ा झटका, विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे श्रृंखला से बाहर

आईपीएल में उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने लगातार दूसरी बार खिताब जीता था। कोहली ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल में नाबाद अर्धशतक लगाकर विजयी रन बनाया था।

विराट कोहली
i
user

पीटीआई (भाषा)

google_preferred_badge

भारतीय बल्लेबाजी के सुपरस्टार विराट कोहली हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे श्रृंखला से बाहर हो गए। तीन मैचों की श्रृंखला 13 जून को धर्मशाला में शुरू होगी।

बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘कोहली हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण वनडे श्रृंखला से बाहर हो गए हैं।’’

अपनी शानदार फिटनेस के लिए मशहूर 37 वर्षीय कोहली ने हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया था। आईपीएल में उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने लगातार दूसरी बार खिताब जीता था। कोहली ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल में नाबाद अर्धशतक लगाकर विजयी रन बनाया था।

अपने टी20 खेल में कुछ बदलाव करने वाले कोहली ने आरसीबी के विजय अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक सहित 675 रन बनाए।


कोहली के बाहर हो जाने से आगामी वनडे श्रृंखला की चमक भी फीकी पड़ गई है। भारत का यह पूर्व कप्तान अब केवल वनडे प्रारूप में ही खेलता है लेकिन अब भी वह दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

कोहली की शानदार फिटनेस को देखते हुए ऐसा कभी कभार ही हुआ है जब वह चोटिल होने के कारण किसी मैच या श्रृंखला से बाहर हो गए हों।

अब यह देखना बाकी है कि रोहित शर्मा अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी श्रृंखला के लिए उपलब्ध रहते हैं या नहीं। वह भी कोहली की तरह अब केवल वनडे प्रारूप में ही भारत की तरफ से खेलते हैं।

आईपीएल के दौरान रोहित की हैमस्ट्रिंग में भी खिंचाव आ गया था और उन्हें कुछ मैच से बाहर रहना पड़ा था। उन्हें फिटनेस के आधार पर ही टीम में शामिल किया गया है।

कोहली और रोहित दोनों ने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद से ही उनके वनडे करियर को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। अगला वनडे विश्व कप अगले साल अक्टूबर-नवंबर में दक्षिण अफ्रीका में होगा। कोहली और रोहित को उनकी फॉर्म और फिटनेस के आधार पर ही विश्व कप की टीम में जगह मिलेगी।


अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ में और तीसरा वनडे 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। भारत इसके बाद अपना अगला वनडे इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई को खेलेगा। तब भारतीय टीम तीन वनडे मैच की श्रृंखला के लिए इंग्लैंड का दौरा करेगी।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia