IND vs NZ: केएल राहुल ने वेलिंगटन में जड़ा ऐतिहासिक शतक, ऐसा करने वाले पहले भारतीय ओपनर बने
वेलिंगटन में शतक पूरा करते ही केएल राहुल ने साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया (SENA) चारों देशों में टेस्ट शतक लगाने का कारनामा कर लिया। वह ऐसा करने वाले भारत के पहले ओपनिंग बल्लेबाज बन गए हैं।

वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया। कीवी टीम के पहली पारी में 368 रन बनाने के बाद भारत की ओर से बल्लेबाजी करते हुए राहुल ने मुश्किल परिस्थितियों में धैर्य, तकनीक और बेहतरीन संयम का परिचय दिया और तीसरे दिन शानदार शतक पूरा किया।
दूसरे दिन 52 रन बनाकर नाबाद लौटने वाले राहुल ने तीसरे दिन भी अपनी लय कायम रखी। उन्होंने 207 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह उनके टेस्ट करियर का 13वां शतक है। खास बात यह रही कि न्यूजीलैंड की धरती पर और न्यूजीलैंड के खिलाफ यह उनका पहला टेस्ट शतक है। इस पारी के साथ राहुल ने एक ऐसी उपलब्धि हासिल की, जिसने उन्हें भारतीय क्रिकेट के खास रिकॉर्डधारियों की सूची में शामिल कर दिया।
चारों SENA देशों में शतक लगाने वाले भारतीय ओपनर
वेलिंगटन में शतक पूरा करते ही केएल राहुल ने साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया (SENA) चारों देशों में टेस्ट शतक लगाने का कारनामा कर लिया। वह ऐसा करने वाले भारत के पहले ओपनिंग बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ ही राहुल उन चुनिंदा एशियाई बल्लेबाजों के क्लब में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने इन चारों देशों में टेस्ट क्रिकेट में शतक जड़े हैं।
चारों SENA देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले एशियाई बल्लेबाज:
मोहम्मद अजहरुद्दीन
सचिन तेंदुलकर
सईद अनवर
राहुल द्रविड़
यूनिस खान
कुमार संगकारा
विराट कोहली
केएल राहुल
SENA देशों में राहुल का 7वां टेस्ट शतक
विदेशी परिस्थितियों में, खासकर SENA देशों में बतौर ओपनर बल्लेबाजी करना हमेशा चुनौतीपूर्ण माना जाता है। इन देशों में केएल राहुल का यह सातवां टेस्ट शतक है। अब वह भारत के पूर्व दिग्गज ओपनर सुनील गावस्कर के रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच गए हैं। गावस्कर के नाम SENA देशों में 8 टेस्ट शतक दर्ज हैं, जबकि राहुल अब 7 शतक के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
SENA देशों में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय ओपनर
SENA देशों में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय ओपनर्स की सूची में सुनील गावस्कर 8 शतकों के साथ पहले स्थान पर हैं। केएल राहुल 7 शतकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं और गावस्कर के रिकॉर्ड से सिर्फ एक शतक दूर हैं। वहीं यशस्वी जायसवाल, विनू मांकड़, वीरेंद्र सहवाग और रवि शास्त्री के नाम 3-3 टेस्ट शतक दर्ज हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
