IND vs NZ: टीम इंडिया को बड़ा झटका, न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 से भी बाहर हुए ईशान किशन

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले से पहले भारतीय टीम को झटका लगा है। दाहिनी जांघ में चोट के कारण ईशान किशन 27 अक्टूबर को होने वाले मैच से बाहर हो गए हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i

न्यूजीलैंड के खिलाफ मंगलवार, 27 अक्टूबर को होने वाले तीसरे टी20 मुकाबले से पहले भारतीय टीम को झटका लगा है। चोट के कारण विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन इस मैच में भी नहीं खेल पाएंगे। वह इससे पहले दूसरा टी20 मुकाबला भी मिस कर चुके हैं।

दाहिनी जांघ की चोट से उबर रहे ईशान

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ईशान किशन के तीसरे टी20 से बाहर होने की पुष्टि की है। बोर्ड के मुताबिक, ईशान पहले टी20 मुकाबले के दौरान दाहिनी जांघ में लगी हल्की चोट (लो-ग्रेड एडक्टर स्ट्रेन) से उबर रहे हैं। हालांकि, वह अभी मैच खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर नजर रख रही है। वहीं, कुमार कुशाग्र तीसरे टी20 के लिए भी टीम के साथ बने रहेंगे।

वैभव सूर्यवंशी को फिर मिल सकता है मौका

ईशान किशन की अनुपस्थिति में दूसरे टी20 मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। उन्हें नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया, लेकिन वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। वैभव ने 8 गेंदों में सिर्फ 4 रन बनाए थे। अब ईशान के तीसरे टी20 से बाहर होने के बाद वैभव को एक बार फिर अंतिम एकादश में खेलने का मौका मिल सकता है।

दूसरे टी20 में भारत ने दर्ज की जीत

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 181 रनों का लक्ष्य हासिल किया था। भारत ने 6 विकेट खोकर एक गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत में तिलक वर्मा ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने महज 26 गेंदों में 51 रन की आक्रामक पारी खेली। इसके अलावा नमन धीर ने 17 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।

पांच मैचों की सीरीज में भारत 2-0 से आगे

न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम फिलहाल 2-0 से आगे है। तीसरे मुकाबले में भी भारत की नजर जीत दर्ज कर सीरीज में अपनी बढ़त मजबूत करने पर होगी। ईशान किशन की गैरमौजूदगी में टीम की प्लेइंग इलेवन और बल्लेबाजी क्रम पर सभी की निगाहें रहेंगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए