IPL 2026 : राजस्थान रॉयल्स के लिए जीटी से पार पाना आसान नहीं, हेड टू हेड रिकॉर्ड दे रहे गवाही
आरआर और जीटी के बीच आईपीएल में अब तक कुल 10 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 7 मुकाबलों में जीत जीटी के हाथ लगी है, जबकि राजस्थान रॉयल्स सिर्फ 3 मैच ही जीत सकी है।

'आईपीएल- 2026' का दूसरा क्वालीफायर मुकाबला राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच शुक्रवार को खेला जाएगा। आरआर के खिलाफ जीटी का रिकॉर्ड शानदार रहा है। जीटी को पहले क्वालीफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी, जबकि राजस्थान रॉयल्स ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया।
आरआर और जीटी के बीच आईपीएल में अब तक कुल 10 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 7 मुकाबलों में जीत जीटी के हाथ लगी है, जबकि राजस्थान रॉयल्स सिर्फ 3 मैच ही जीत सकी है। गुजरात टाइटंस अपने इस दमदार रिकॉर्ड को दूसरे क्वालीफायर में भी बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
वहीं, राजस्थान रॉयल्स एलिमिनेटर मुकाबले के अपने प्रदर्शन को दोहराना चाहेगी। आरआर के लिए एलिमिनेटर मुकाबले में सब कुछ सही घटा था। बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी ने बेहतरीन बैटिंग करते हुए सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की दमदार पारी खेली थी, तो ध्रुव जुरेल ने भी महज 21 गेंदों में 50 रन बनाए थे। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर की जोड़ी असरदार नजर आई थी। आर्चर ने तीन विकेट अपने नाम किए थे, जबकि बर्गर 2 विकेट लेने में सफल रहे थे। सुशांत मिश्रा और रवींद्र जडेजा ने भी दो-दो विकेट अपने नाम किए थे।
दूसरी ओर, सलामी जोड़ी के सस्ते में आउट होने के बाद गुजरात टाइटंस का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया था। 255 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीटी की पूरी टीम 162 रन बनाकर सिमट गई थी। मध्यक्रम की कमजोरी पहले क्वालीफायर में खुलकर सामने आई थी। साई सुदर्शन 14 रन बनाकर आउट हुए थे, तो कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 2 रन ही बना सके थे।
वहीं, टीम के गेंदबाजों का भी हाल बेहाल रहा था। मोहम्मद सिराज ने 3 ओवर के स्पेल में 46 रन दिए थे, तो कगिसो रबाडा ने 4 ओवर में 54 रन खर्च किए थे। वहीं, जेसन होल्डर और प्रसिद्ध कृष्णा भी काफी महंगे साबित हुए थे। ऐसे में आरआर के खिलाफ टीम फाइनल में पहुंचने के लिए मिले दूसरे मौके को भुनाना चाहेगी।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
