IPL2026: पाटीदार की विस्फोटक पारी, आरसीबी ने जीटी को दिया 255 रन का लक्ष्य, रबाडा ने रचा इतिहास

क्वालीफायर-1 जीतने वाली टीम 31 मई को खेले जाने वाले फाइनल का टिकट हासिल करेगी, जबकि इस मैच को गंवाने वाली टीम 29 मई को क्वालीफायर-2 खेलेगी, जहां उसका सामना एलिमिनेटर मैच के विजेता से होगा।

IPL2026: पाटीदार की विस्फोटक पारी, आरसीबी ने जीटी को दिया 255 रन का लक्ष्य, रबाडा ने रचा इतिहास
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

आईपीएल 2026 का पहला क्वालीफायर मुकाबला आज धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच खेला जा रहा है। टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने कप्तान रजत पाटीदार के नाबाद 93 रनों की बदौलत 5 विकेट पर 254 रन बनाकर जीटी को 255 रन का लक्ष्य दिया है। वहीं जीटी के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा आईपीएल के एक सीजन में 'पावरप्ले' के दौरान सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज बन गए हैं।

आरसीबी के लिए एक बार फिर विराट कोहली के साथ वेंकटेश अय्यर ने पारी की शुरुआत की। अय्यर ने टीम को तेज शुरुआत दी, लेकिन वह 7 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट 21 के स्कोर पर गिरा। विराट कोहली ने देवदत्त पड्डिकल के साथ दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की। कोहली 25 गेंदों पर 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। कोहली को जेसन होल्डर ने बोल्ड किया।

कोहली का विकेट गिरने के तुरंत बाद तीसरे विकेट के रूप में देवदत्त पड्डिकल भी आउट हो गए। पड्डिकल ने 19 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 30 रन बनाए। 94 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी आरसीबी को कप्तान रजत पाटीदार और क्रुणाल पांड्या ने संभाला और चौथे विकेट के लिए 45 गेंदों पर 94 रनों की विस्फोटक साझेदारी की। क्रुणाल 28 गेंदों पर 2 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। टिम डेविड का बल्ला नहीं चला। वह 5 गेंदों पर 4 रन बनाकर आउट हो गए। डेविड को प्रसिद्ध कृष्णा ने बोल्ड किया।


रजत पाटीदार अंत तक आउट नहीं हुए। वह अपना शतक पूरा नहीं कर सके, लेकिन आरसीबी को उन्होंने ऐसा स्कोर दे दिया है, जहां टीम खुद को सुरक्षित महसूस कर सकती है। पाटीदार ने 33 गेंदों पर 9 छक्कों और 5 चौकों की मदद से नाबाद 93 रन बनाए। उनके साथ जितेश शर्मा 5 गेंदों पर 15 रन बनाकर नाबाद रहे। पाटीदार की पारी की वजह से ही आरसीबी 5 विकेट पर 254 रन बना सकी। आरसीबी ने आखिरी 5 ओवरों में 86 रन बनाए। प्लेऑफ का यह अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। जीटी के लिए कगिसो रबाडा ने 4 ओवर में 54 रन देकर 2 और जेसन होल्डर ने 4 ओवर में 39 रन देकर 2 विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा ने 4 ओवर में 53 रन देकर 1 विकेट लिया।

इसी के साथ इस मैच में जीटी के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा आईपीएल के एक सीजन में 'पावरप्ले' के दौरान सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज बन गए। रबाडा ने आरसीबी के दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर वेंकटेश अय्यर को कप्तान शुभमन गिल के हाथों कैच आउट कराया। यह आईपीएल 2026 में पावरप्ले (शुरुआती 6 ओवर) के दौरान रबाडा का 18वां विकेट था।

इसी के साथ उन्होंने मोहम्मद शमी के रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जिन्होंने साल 2023 में पावरप्ले के दौरान 17 विकेट हासिल किए थे। मिशेल जॉनसन (2013) और ट्रेंट बोल्ट (2020) इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने एक ही सीजन में पावरप्ले के दौरान 16-16 विकेट हासिल किए थे। कगिसो रबाडा ने क्वालीफायर-1 में जीटी के खिलाफ 2 विकेट हासिल किए, जिसके साथ इस सीजन उनके विकेटों की संख्या 26 पहुंच गई है।

गुजरात टाइटंस इस मुकाबले में साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ उतरी है। वहीं, रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड और रसिख सलाम डार के साथ यह मैच खेल रही है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia