रणजी ट्रॉफी: जम्मू-कश्मीर ने रचा इतिहास, 8 बार की विजेता कर्नाटक को हराकर पहली बार जीता खिताब
मैच को ड्रॉ घोषित किया गया और और पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर को चैंपियन चुना गया। इस तरह रणजी ट्रॉफी को जम्मू-कश्मीर के रूप में नया चैंपियन मिल गया। शुभम पुंडिर प्लेयर ऑफ द मैच रहे, जबकि औकिब नबी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे।

जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। पारस डोगरा की कप्तानी वाली जम्मू-कश्मीर टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया है। हुबली के डी.आर. बेंद्रे क्रिकेट स्टेडियम में कर्नाटक के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर को विजेता घोषित किया गया। मैच ड्रॉ के रूप में समाप्त हुआ।
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम की सफलता पर पूरे यूटी में जश्न का माहौल है। एलजी मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने टीम को बधाई दी है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम की इस सफलता पर खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए 2 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है। उन्होंने कहा, "इस ऐतिहासिक जीत ने पूरे इलाके को गर्व और प्रेरणा से भर दिया है। खिलाड़ियों को हाल ही में शानदार खिलाड़ियों के लिए नोटिफाई किए गए नियमों के तहत सरकारी नियुक्तियों का भी हक होगा।" सीएम ने एक्स पर एक वीडियो भी पोस्ट की है जिसमें जीत के बाद रणजी टीम के खिलाड़ी जश्न मना रहे हैं। उमर अब्दुल्ला जीत के पल का साक्षी बनने के लिए स्टेडियम में उपस्थित थे।
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम की यह जीत बेहद अहम है। कर्नाटक जैसी मजबूत टीम के खिलाफ उसके होम ग्राउंड पर खेलना और जीतना कभी भी किसी विपक्षी टीम के लिए आसान नहीं रहा है, लेकिन पूरे सीजन में बिल्कुल अलग और बेखौफ अंदाज में खेलने वाली जम्मू-कश्मीर ने इसे संभव बना दिया। जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक पर पहली पारी में बड़ी बढ़त ली थी और उसी आधार पर टीम को चैंपियन घोषित किया गया।
मैच पर नजर डालें तो जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। शुभम पुंडिर के 121, यावेर हसन खान के 88, साहिल लोतरा के 72, कन्हैया वधावन के 70, और कप्तान पारस डोगरा के 70 रन की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 रन बनाए थे। कर्नाटक की पहली पारी 293 रन पर समाप्त हो गई थी। कर्नाटक के लिए कप्तान मयंक अग्रवाल ने 160 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका। जम्मू-कश्मीर के लिए औकिब नबी ने 5, सुनील कुमार और युदवीर सिंह ने 2-2, जबकि साहिल लोतरा ने 1 विकेट लिया।
पहली पारी में 291 रन की बड़ी बढ़त लेने वाली जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में 11 रन पर 2 विकेट गंवाने के बावजूद जोरदार वापसी की और दमदार बल्लेबाजी की। दूसरी पारी जम्मू-कश्मीर ने 4 विकेट पर 342 रन बनाकर घोषित की। सलामी बल्लेबाज कामरान इकबाल 160 और साहिल लोतरा 101 रन पर नाबाद रहे। दोनों के बीच 197 रन की नाबाद साझेदारी हुई। साहिल का शतक पूरा होते ही कप्तान पारस डोगरा ने पारी घोषित कर दी। इसके बाद मैच को ड्रॉ घोषित किया गया और और पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर को चैंपियन चुना गया। इस तरह रणजी ट्रॉफी को जम्मू-कश्मीर के रूप में नया चैंपियन मिल गया। शुभम पुंडिर प्लेयर ऑफ द मैच रहे, जबकि औकिब नबी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia