खेलः फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया की राह होगी मुश्किल और संजू सैमसन ने दमदार वापसी का राज बताया
टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले क्लोजिंग सेरेमनी होगी। इंटरनेशनल पॉप सुपरस्टार रिकी मार्टिन क्लोजिंग सेरेमनी में अपनी प्रस्तुति देंगे। आईसीसी ने इसकी पुष्टि की है। मार्टिन एक खास तौर पर तैयार किया गया लाइव परफॉर्मेंस देने वाले हैं।

फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया की राह
टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद, में होना है। मैच शाम 7 बजे से खेला जाएगा। सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को और न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनाई है। भारत के लिए फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाला मुकाबला बेहद मुश्किल है। इसकी वजह टी20 विश्व कप का इतिहास है, जो न्यूजीलैंड के पक्ष में है। भारतीय टीम टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ कभी नहीं जीती है। दोनों देशों के बीच अब तक 3 मैच खेले गए हैं और तीनों ही मैचों में न्यूजीलैंड को जीत मिली है।
दोनों देशों के बीच पहला मुकाबला टी20 विश्व कप 2007 के दौरान खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने सभी विकेट खोकर 190 रन बनाए थे। भारतीय टीम 180 रन बना सकी थी और 10 रन से मैच हार गई। दूसरा मैच टी20 विश्व कप 2016 में खेला गया था। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 126 रन बनाए थे। भारतीय टीम 79 रन पर सिमट गई और 47 रन से मैच हार गई। दोनों टीमों की टी20 विश्व कप की तीसरी और आखिरी मुलाकात 2021 विश्व कप के दौरान हुई थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 110 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड ने 2 विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाकर मैच 8 विकेट से जीत लिया था। इस तरह टी20 विश्व कप में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली जीत का इंतजार है।
ओवरऑल आंकड़े पर गौर करें तो टी20 में भारतीय टीम का न्यूजीलैंड के खिलाफ पलड़ा भारी है। दोनों देशों के बीच अब तक 30 मैच खेले गए हैं। भारतीय टीम ने 18 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 11 मैचों में सफलता मिली है। 1 मैच टाई रहा है। विश्व कप से पहले भी न्यूजीलैंड और भारत के बीच 5 मैचों की द्विपक्षीय टी20 सीरीज खेली गई थी। भारतीय टीम ने अपने घर में हुई इस सीरीज में न्यूजीलैंड को 4-1 से मात दी थी। टीम इंडिया के पास न्यूजीलैंड को 8 मार्च को हराकर जीत का इंतजार समाप्त करने और बैक-टू-बैक टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली पहली टीम बनने का अवसर है।
संजू सैमसन ने दमदार वापसी का राज बताया
संजू सैमसन की प्रतिभा और क्षमता पर कभी सवाल नहीं था, लेकिन अपनी क्षमता को निरंतरता के साथ प्रदर्शित न कर पाना उनकी सबसे बड़ी कमजोरी के रूप में उभरी थी। अपनी इस कमी को संजू ने टी20 क्रिकेट के महाकुंभ टी20 विश्व कप 2026 में दूर किया है और लगातार मैचों में विस्फोटक पारियां खेलते हुए भारत को फाइनल का टिकट दिलाया है। सैमसन की पिछली मैचों में खेली गई पारियों ने उनके बारे में क्रिकेट आलोचकों की तमाम धारणाएं बदल ही हैं। अपने इस करिश्माई प्रदर्शन के लिए संजू ने खेल के साथ ही अपने दिमाग पर भी काम किया है। इंग्लैंड के खिलाफ मैच के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा, "टूर्नामेंट से पहले का समय उनके लिए आसान नहीं था। टीम में जगह न मिलना मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण रहा। न्यूजीलैंड सीरीज के दौरान वह टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए काफी कोशिश कर रहे थे और शायद इसी वजह से वह थोड़ा ज्यादा दबाव में खेल रहे थे।"
उन्होंने कहा, "पीछे मुड़कर देखने पर महसूस हुआ कि उन्हें खेल को थोड़ा शांत दिमाग से लेना चाहिए था। टी20 क्रिकेट भले ही तेज और आक्रामक फॉर्मेट है, लेकिन इसमें भी धैर्य और बेसिक्स का उतना ही महत्व है। दुनिया के कई बड़े बल्लेबाज भी इस फॉर्मेट में लगातार रन बनाने के लिए संघर्ष करते हैं, इसलिए खेल के मूल सिद्धांतों का सम्मान करना जरूरी है।" सैमसन ने कहा, "मैंने खेल की बुनियादी बातों पर फिर से काम किया और खुद को बेहतर तरीके से तैयार किया। इसी बदलाव की वजह से टूर्नामेंट में अब तक सफलता मिली है।" विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा, "मुझे लगता है कि जब मुश्किल समय आ रहा था, तो मेरे करीबी लोग, जिन लोगों से मैं प्यार करता हूं, जिन्हें मैं सपोर्ट करता हूं, वे मेरे साथ थे। मैंने अपना फोन बंद कर दिया, सोशल मीडिया पर नहीं था, अभी भी नहीं हूं, इसलिए कम लोग मुझसे इंटरैक्ट कर रहे थे। मुझे लगता है कि इससे मुझे सही दिशा में फोकस करने में सच में मदद मिली और मैं बहुत खुश हूं कि मैं जैसा कर रहा हूं।"
वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला गया मुकाबला नॉकआउट मुकाबले की तरह था। पारी की शुरुआत करने आए सैमसन ने इस मैच में 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन की पारी खेल भारतीय टीम को जीत दिलाई और सेमीफाइनल में पहुंचाया। सेमीफाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड से था। सैमसन ने 42 गेंदों पर 89 रन की विस्फोटक पारी खेली और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। दोनों पारियां दबाव वाले ऐसे समय में खेली गईं जब टीम को उसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। दोनों मैचों में सैमसन प्लेयर ऑफ द मैच रहे। न्यूजीलैंड के खिलाफ 8 मार्च को होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भी सैमसन के प्रदर्शन पर नजर रहेगी।
टी20 विश्व कप फाइनल में करेंगे अंपायरिंग इलिंगवर्थ और वार्फ
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को घोषणा की कि इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स वार्फ भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी20 विश्व कप फाइनल में अंपायरिंग करेंगे। इलिंगवर्थ लगातार दूसरे पुरुष टी20 विश्व कप फाइनल में अंपायरिंग करेंगे। इससे पहले वह 2024 में क्रिस गैफनी के साथ फाइनल में अंपायरिंग कर चुके हैं। गत चैंपियन भारत और न्यूजीलैंड रविवार को अहमदाबाद में ट्रॉफी के लिए एक दूसरे के सामने होंगे।
इलिंगवर्थ पुरुष 2023 विश्व कप फाइनल और पुरुष 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भी अंपायरिंग कर चुके हैं। इलिंगवर्थ के साथ उनके हमवतन वार्फ भी हैं जो पहली बार सीनियर आईसीसी विश्व कप फाइनल में अधिकारी होंगे। वार्फ इससे पहले आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2022 और आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 टूर्नामेंट में अंपायरिंग कर चुके हैं। वह पिछले साल ही आईसीसी के अंपायरों के एमिरेट्स एलीट पैनल में शामिल हुए थे।
न्यूजीलैंड की बुधवार को सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका पर मिली जीत के दौरान भी ये दोनों मौजूद थे। अल्लाहुद्दीन पालेकर फाइनल में तीसरे अंपायर और एड्रियन होल्डस्टॉक चौथे अंपायर होंगे, दोनों ही दक्षिण अफ्रीका के हैं। वहीं मैच रैफरी जिम्बाब्वे के एंडी पायक्रॉफ्ट होंगे।पालेकर को मार्च 2025 में वार्फ के साथ अंपायरों के एलीट पैनल में शामिल किया गया था और उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान छह मैच में अंपायरिंग की है।
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले होगी क्लोजिंग सेरेमनी
टी20 विश्व कप 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है। 8 मार्च को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाना है। सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को और न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनाई है। फाइनल मुकाबले से पहले क्लोजिंग सेरेमनी होगी। इंटरनेशनल पॉप सुपरस्टार रिकी मार्टिन क्लोजिंग सेरेमनी में अपनी प्रस्तुति देंगे। आईसीसी ने इसकी पुष्टि की है। मार्टिन एक खास तौर पर तैयार किया गया लाइव परफॉर्मेंस देने वाले हैं।
भारतीय समयानुसार कार्यक्रम शाम 5:30 बजे शुरू होगा। अपनी दमदार आवाज, स्टेज पर जबरदस्त मौजूदगी और दुनिया भर में लैटिन पॉप गानों के लिए लोकप्रिय इस गायक की प्रस्तुति की खबर सुन फैंस रोमांचित हैं। गायक से उम्मीद है कि वह मैच देखने आए फैंस को एक रोमांचक और यादगार अनुभव देंगे। आईसीसी ने अपने आधिकारिक एक्स प्लेटफॉर्म पर लिखा, "टी20 विश्व कप की पार्टी अब और बड़ी हो गई है। हमें यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि वैश्विक आइकॉन और सुपरस्टार रिकी मार्टिन आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले क्लोजिंग सेरेमनी के मुख्य आकर्षण होंगे। आप इस कार्यक्रम को मिस नहीं करना चाहेंगे।"
आईसीसी ने बताया है कि फाइनल के दिन स्टेडियम के गेट दोपहर 3.30 बजे खुलेंगे। रिकी मार्टिन का कार्यक्रम शाम 5:30 बजे शुरू होगा। इस कार्यक्रम के बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम कुल चौथी बार और लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। टीम इंडिया ने 2007 में खेला गया पहला टी20 विश्व कप जीता था। इसके बाद 2024 में खेले गए पिछले विश्व कप में भी टीम इंडिया चैंपियन रही थी। अगर भारतीय टीम न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीतने में सफल रहती है, तो लगातार 2 बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन सकती है। न्यूजीलैंड दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। आखिरी बार न्यूजीलैंड ने 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल खेला था जिसमें उसे हार का सामना करना पड़ा था।
अक्षर भारत के महानतम खिलाड़ियों में शामिल होने की राह पर: गावस्कर
पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि अक्षर पटेल क्रिकेट के हर विभाग में अपने शानदार कौशल और क्रिकेट की बहुत अच्छी समझ रखने के कारण भारत के महानतम खिलाड़ियों में से एक बनने की राह पर हैं जिसकी एक बानगी इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में देखने को मिली जिसमें उन्होंने अपनी शानदार फील्डिंग से प्रभावित किया।
अक्षर पटेल ने खेल के दो अलग-अलग लेकिन महत्वपूर्ण चरणों में खतरनाक हैरी ब्रूक और विल जैक्स को आउट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अक्षर ने कवर पोजीशन से 24 मीटर पीछे दौड़कर शानदार कैच लेकर ब्रूक को पवेलियन भेजा। इसके बाद अर्शदीप सिंह की वाइड फुल टॉस गेंद को जैक्स ने डीप पॉइंट की ओर खेला। अक्षर ने अपनी बाईं ओर दौड़कर गेंद को लपका लेकिन सीमा रेखा पर संतुलन नहीं बना पाने के कारण उन्होंने उसे शिवम दुबे की तरफ उछाल दिया।
गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, ‘‘अक्षर ने ब्रूक का जो कैच लिया वह अविश्वसनीय था। ब्रूक मैच का रुख बदल सकते हैं और उनका विकेट हासिल करने का हर मौका भुनाना चाहिए। अक्षर ने वही किया। वह 24 मीटर दौड़े, गेंद पर नजर रखी, खुद पर नियंत्रण बनाए रखा और कैच लपक लिया। अविश्वसनीय।’’ उन्होंने कहा, ‘‘विल जैक्स को आउट करने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई। (जैकब) बेथेल और जैक्स की साझेदारी मैच को इंग्लैंड के पक्ष में कर रही थी। लेकिन अक्षर अपनी बाईं ओर दौड़े, गेंद पकड़ी और चतुराई दिखाकर उसे शिवम दुबे के पास पहुंचा दिया। इससे उनकी क्रिकेट की समझ और अच्छी सूझबूझ का पता चलता है।’’
गावस्कर ने कहा, ‘‘शीर्ष स्तर पर आपकी सूझबूझ और जज्बा ही महान खिलाड़ियों को अन्य खिलाड़ियों से अलग करता है। अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी के दम पर अक्षर भारत के महान खिलाड़ियों में से एक बनने जा रहे हैं।’’ गावस्कर ने कहा कि रवींद्र जडेजा के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अक्षर ने उनकी जगह को अच्छी तरह से भर दिया है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia