T20 World Cup 2026: 'बाबर और शाहीन को बाहर करो'...! भारत से करारी हार पर भड़के PCB चीफ, टीम को भेजा सख्त संदेश

मोहसिन नकवी ने टीम मैनेजर नावेद अकरम चीमा के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन ने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को फटकार लगाई और कहा कि टीम ने अपनी पूरी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान का मुकाबला पूरी तरह एकतरफा साबित हुआ। भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 61 रनों से करारी शिकस्त दी। पूरे मैच के दौरान ऐसा कोई क्षण नहीं आया जब लगा हो कि पाकिस्तान मुकाबले में वापसी कर सकता है।

भारतीय पारी के दौरान ईशान किशन ने पाकिस्तानी गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से उस्मान तारिक ने अपेक्षाकृत बेहतर गेंदबाजी का प्रदर्शन किया, लेकिन वह भी टीम को बड़ी हार से नहीं बचा सके। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को देखने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी भी कोलंबो पहुंचे थे। मैच से पहले उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया, लेकिन जैसे-जैसे हार तय होती दिखी, वह मैच खत्म होने से पहले ही आर प्रेमदासा स्टेडियम से रवाना हो गए।

मोहसिन नकवी पाक टीम से नाराज

समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक अज्ञात सूत्र के हवाले से बताया कि मोहसिन नकवी ने भारत के खिलाफ मिली हार को लेकर टीम मैनेजर नावेद अकरम चीमा के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की। सूत्र के अनुसार, हार तय होते ही उन्होंने स्टेडियम छोड़ दिया और बाद में बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी के माध्यम से यह संदेश भी भिजवाया कि अहम मुकाबलों में इस तरह का प्रदर्शन न तो समझ में आता है और न ही स्वीकार्य है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन ने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को फटकार लगाई और कहा कि टीम ने अपनी पूरी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया। इसके बाद मैनेजमेंट थिंक टैंक में बड़ा फैसला लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, आगामी मुकाबलों में बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी को प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जा सकता है, जबकि सलमान मिर्जा, नसीम शाह या फखर जमान को मौका देने पर विचार हो रहा है।

पाकिस्तान का अगला मुकाबला बुधवार को नामीबिया के खिलाफ है। यदि इस मैच में भी पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा, तो उसका सफर ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो जाएगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia