T20 World Cup 2026: 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा या नहीं? पाक पत्रकार ने किया बड़ा दावा

पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार जाहिद गिशकोरी ने लिखा कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान मुकाबला होने के पूरे आसार हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा या नहीं? और क्या टी20 वर्ल्ड कप 2026 में क्रिकेट के ये दो सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी आमने-सामने आएंगे, इन सवालों से जुड़ी तस्वीर अब धीरे-धीरे साफ होती नजर आ रही है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खेले जाने की प्रबल संभावना बन रही है। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो दोनों टीमें 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भिड़ती दिखाई दे सकती हैं।

पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार जाहिद गिशकोरी ने इस संबंध में अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर अहम जानकारी साझा की है। उन्होंने लिखा कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान मुकाबला होने के पूरे आसार हैं। गिशकोरी के मुताबिक, श्रीलंका में प्रस्तावित इस मैच को लेकर पाकिस्तान सरकार के दो शीर्ष अधिकारियों ने उन्हें संकेत दिए हैं। ऐसे में क्रिकेट फैंस को इस हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए तैयार रहने को कहा जा रहा है।

इससे पहले 8 फरवरी को लाहौर में आईसीसी प्रतिनिधियों और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के बीच अहम बैठक हुई, जिसमें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष भी मौजूद थे। Geo Super ने सूत्रों के हवाले से बताया कि यह बैठक करीब पांच घंटे तक चली और इसमें किसी नतीजे पर पहुंचा गया। माना जा रहा है कि अगले 24 घंटों के भीतर भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर बड़ा ऐलान किया जा सकता है।

बैठक के बाद पाकिस्तान के रुख में बदलाव की संभावना भी जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार यानी 9 फरवरी को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से चर्चा के बाद PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी भारत के खिलाफ मैच खेलने को मंजूरी दे सकते हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia