टी20 विश्व कपः भारत ने जीत के साथ किया शानदार आगाज, यूएसए को रोमांचक मुकाबले में 29 रन से हराया

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईसीसी टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच में टीम इंडिया ने अमेरिका को 29 रन से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। भारत के 161 रन के जवाब में अमेरिका की टीम 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी।

टी20 विश्व कपः भारत ने जीत के साथ किया शानदार आगाज, यूएसए को रोमांचक मुकाबले में 29 रन से हराया
i
user

नवजीवन डेस्क

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईसीसी टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच में टीम इंडिया ने अमेरिका को 29 रन से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। भारत ने पहले खेलते हुए शीर्ष और मध्यक्रम की नाकामी के बावजूद सूर्यकुमार की पारी की बदौलत नौ विकेट पर 161 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में अमेरिका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 132 रन ही बना सकी।

भारतीय टीम के दिए 162 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी यूएसए के शीर्ष क्रम के तीनों बल्लेबाज फ्लॉप रहे। सलामी बल्लेबाज एंड्रियस गौस 6, सैतेजा मुक्कमल्ला 2, और कप्तान मोनांक पटेल बिना खाता खोले आउट हो गए। 13 पर 3 विकेट गंवा चुकी यूएसए को मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति ने संभाला और चौथे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी कर स्कोर को 71 तक ले गए। मिलिंद इसी स्कोर पर 34 रन बनाकर आउट हुए।


इसके बाद 98 के स्कोर पर पांचवें विकेट के रूप में संजय कृष्णमूर्ति भी 37 रन बनाकर आउट हो गए। इन दोनों की जोड़ी टूटने के बाद यूएसए का निचला क्रम ढह गया। शुभम रंजने के 22 गेंद पर बनाए 37 रन के बावजूद यूएसए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 132 रन बना सकी और 29 रन से मैच हार गई। भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2, अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2, और वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिए।

इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान सूर्यकुमार यादव के 49 गेंदों पर 4 छक्कों और 10 चौकों की मदद से नाबाद 84 रन की पारी की बदौलत 9 विकेट पर 161 रन बनाए थे। तिलक वर्मा ने 16 गेंद पर 25 और ईशान किशन ने 16 गेंद पर 20 रन की पारी खेली थी। अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे खाता नहीं खोल सके थे। रिंकू सिंह 6, हार्दिक पांड्या 5 और अक्षर पटेल 14 रन बनाकर आउट हुए।


यूएसए की तरफ से सौरभ नेत्रावल्कर सबसे महंगे गेंदबाज रहे। सौरभ ने 4 ओवर में 65 रन दिए। उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। शैडली वैन शाल्कविक सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट लिए। हरमीत सिंह ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लिए। अली खान और मोहम्मद मोहसिन को 1-1 विकेट मिला।