फिर शर्मसार हुई दिल्ली! स्लीपर बस में 16 साल की लड़की से गैंगरेप, 47km तक दरिंदगी, आरोपी ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार
ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 तक छोड़ने की बात कहकर बस में बैठा लिया। बस कुछ दूर आगे बढ़ी तो कंडक्टर ने छात्रा के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि बाद में दोनों आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में स्लीपर बस के अंदर 16 साल की नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बस को भी कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है। वह परिवार को बिना बताए नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जाने के लिए घर से निकली थी।
बारिश और अंधेरे में परी चौक पर उतर गई छात्रा
जांच में सामने आया है कि भारी बारिश और अंधेरे के कारण छात्रा नोएडा के परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान वहां से एक खाली स्लीपर बस गुजर रही थी। छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया।
आरोप है कि ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 तक छोड़ने की बात कहकर बस में बैठा लिया। बस कुछ दूर आगे बढ़ी तो कंडक्टर ने छात्रा के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि बाद में दोनों आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
देर रात कश्मीरी गेट के पास उतारकर भागे आरोपी
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी छात्रा को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतारकर वहां से फरार हो गए। इसके बाद डरी-सहमी छात्रा ने कश्मीरी गेट थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को तिमारपुर स्थित बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया है। बस की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
करीब 47 किलोमीटर तक चली थी बस
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, बस में खराबी आने के बाद उसे सूरजपुर की एक वर्कशॉप में मरम्मत के लिए ले जाया गया था। मरम्मत पूरी होने के बाद ड्राइवर और कंडक्टर बस को खाली लेकर तिमारपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर छात्रा उन्हें मिली।
परी चौक से कश्मीरी गेट तक बस ने करीब 47 किलोमीटर का सफर तय किया। बस स्लीपर होने के साथ-साथ उसमें पर्दे भी लगे थे। पुलिस को आशंका है कि इसी वजह से बाहर से बस के भीतर की गतिविधियां आसानी से दिखाई नहीं दे रही थीं।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
