बंगाल: बरुईपुर रेप-मर्डर केस का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में मारा गया, पुलिस से हथियार छीनकर की थी फायरिंग

बरुईपुर रेप केस के मुख्य आरोपी प्रभास मंडल को क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने हथियार छीनकर टीम पर फायरिंग की थी।

बरुईपुर रेप-मर्डर केस का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में मारा गया।
i

पश्चिम बंगाल के बरुईपुर रेप मामले में मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए घटनास्थल ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया, पुलिस टीम पर फायरिंग की और मौके से भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में बरुईपुर अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान हुई पूरी घटना

पुलिस के अनुसार, मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 12:45 बजे बरुईपुर थाना प्रकरण संख्या 1350/26 के जांच अधिकारी अपनी टीम के साथ आरोपी प्रभास मंडल को सूरज्यापुर हाट स्थित घटनास्थल पर लेकर पहुंचे थे। यहां अपराध के घटनाक्रम का रीक्रिएशन शुरू किया जाना था। इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी की गन पर झपट्टा मारा और हथियार छीन लिया।


पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

पुलिस का कहना है कि हथियार छीनने के तुरंत बाद प्रभास मंडल ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए एक राउंड फायरिंग की और वहां से भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में तत्काल जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में आरोपी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

मुठभेड़ के तुरंत बाद पुलिसकर्मी घायल प्रभास मंडल को बिना देरी किए बरुईपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने मेडिकल जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने एनकाउंटर से जुड़े मामले में आवश्यक वैधानिक और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए