बिहार के भागलपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव, दंपती की गोली मारकर हत्या, एक संदिग्ध हिरासत में

बिहार के भागलपुर में चाय की दुकान पर सो रहे रंजन मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
i
  • भागलपुर के इस्माईलपुर में रंजन मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

  • वारदात के समय दोनों अपनी चाय-नाश्ते की दुकान में सो रहे थे।

  • ग्रामीणों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस को शव उठाने से रोका।

  • पुलिस ने परिजनों की निशानदेही पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

बिहार के भागलपुर जिले में गुरुवार तड़के अपराधियों ने एक दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान रंजन मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है। वारदात नवगछिया पुलिस जिला के इस्माईलपुर थाना क्षेत्र में हुई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस को शव उठाने से रोक दिया।

दुकान में सो रहे थे पति-पत्नी, दोनों को मारी गोली

मिली जानकारी के अनुसार, रंजन मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी इस्माईलपुर हटिया में चाय-नाश्ते की दुकान चलाते थे। गुरुवार सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच दोनों अपनी दुकान में सो रहे थे, तभी अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। गोली लगने से रंजन मंडल की मौके पर ही मौत हो गई।

पति को गोली लगने के बाद किरण देवी जान बचाने के लिए भागने लगीं, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल किरण देवी ने भी दम तोड़ दिया।


ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोका

दंपती की हत्या की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। बाद में समझाने-बुझाने पर लोग शांत हुए।

एक संदिग्ध हिरासत में, हत्या की वजह स्पष्ट नहीं

पुलिस ने परिजनों की निशानदेही पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। घटना की सूचना मिलने पर इस्माईलपुर और गोपालपुर थाने की पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

इस्माईलपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार के अनुसार, हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए डॉग स्क्वॉड और तकनीकी जांच की मदद ली जा रही है।

फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए