दिल्ली में छठ पूजा की तैयारियों के बीच नहर में मिला महिला का शव, मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
शव पर कोई आघात या चोट के निशान नहीं पाए गए हैं और महिला पूरे कपड़े पहने हुई थी। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है और यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला नहर में गिरकर दुर्घटना का शिकार हुई या यह किसी आपराधिक घटना का परिणाम है।

राजधानी दिल्ली के नॉर्थ वेस्ट इलाके के केशव नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को छठ पूजा की तैयारियों के दौरान मुनक नहर में एक महिला का शव पाए जाने से हड़कंप मच गया। यह खबर इलाके में आग की तरह फैल गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, नहर में छठ पूजा की सुविधा के लिए सफाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान सफाई कर्मियों ने पानी के अंदर एक महिला का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। महिला की उम्र लगभग 30 साल के आसपास बताई जा रही है। शव पर कोई आघात या चोट के निशान नहीं पाए गए हैं और महिला पूरे कपड़े पहने हुई थी। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला नहर में गिरकर दुर्घटना का शिकार हुई या यह किसी आपराधिक घटना का परिणाम है।
पुलिस ने शव को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। केशव नगर थाना क्षेत्र के अधिकारियों ने बताया कि इस घटना की प्राथमिक जांच की जा रही है। आसपास के थानों में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने पर उसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की प्राथमिकता फिलहाल महिला की पहचान करना है ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके।
मुनक नहर नॉर्थ वेस्ट दिल्ली से गुजरने वाली प्रमुख नहरों में से एक है। छठ पूजा के लिए यहां की सफाई की जा रही थी ताकि नहर के पानी में पूजा की व्यवस्था की जा सके। इस दौरान महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने नहर के आसपास के क्षेत्रों में गहन निगरानी और जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोग भी घटना को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों या किसी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत थाने को दें, ताकि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ सके।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia