दिल्ली में अपराधियों का तांडव देखिए! सड़क पर दौड़ाकर व्यापारी को मारी गोलियां, लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर आरोप

दिल्ली के बवाना में सरेआम व्यापारी की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। बीच सड़क दौड़ाकर किए गए इस मर्डर का CCTV सामने आया है, वहीं लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बदमाशों ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली के बवाना इलाके में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां बदमाशों ने एक व्यापारी की बीच सड़क गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने व्यापारी को सड़क पर दौड़ाया और फिर बेहद नजदीक से उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही व्यापारी सड़क पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

इस सनसनीखेज हत्याकांड ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

CCTV में कैद हुआ पूरा मंजर

घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई देता है कि गोली लगते ही व्यापारी सड़क पर गिर जाता है। आसपास मौजूद लोग जब तक उसकी ओर दौड़ते और मदद की कोशिश करते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घायल व्यापारी को अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।


मृतक की पहचान और हत्या का दावा

मृतक व्यापारी की पहचान वैभव गांधी के रूप में हुई है। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी अमेरिका में बैठे गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े शूटर्स रणदीप मालिक और अनिल पंडित ने ली है।

सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में दोनों ने दावा किया कि बवाना में हुई यह हत्या उन्हीं के कहने पर करवाई गई है।

सोशल मीडिया पोस्ट में खुलेआम धमकी

पोस्ट में लिखा गया, “जय महाकाल, जय श्री राम…! बवाना में बिजनेसमैन वैभव गांधी की हत्या हमने करवाई है। जहां हमने कॉल की थी, यह वहां एंट्री कर रहा था, इसलिए हमने इसकी जिंदगी से एग्जिट कर दिया। अगर किसी ने हमारे काम में दखल दिया, तो उसे बिना कॉल किए मरवा देंगे।”

इस पोस्ट के सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा अलर्ट हो गई हैं।


पुलिस जांच में जुटी, गैंग एंगल पर फोकस

दिल्ली पुलिस का कहना है कि एक व्यापारी की बीच सड़क गोली मारकर हत्या की गई है और इस मामले में बिश्नोई गैंग से जुड़े शूटर्स द्वारा जिम्मेदारी लेने की बात सामने आई है। पुलिस CCTV फुटेज, कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के पीछे गैंगवार, फिरौती या आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

राजधानी में सुरक्षा पर फिर सवाल

बवाना जैसी औद्योगिक इलाके में इस तरह की वारदात ने कारोबारियों और आम लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। खुलेआम गोलीबारी और गैंगस्टरों द्वारा जिम्मेदारी लेने की घटनाएं यह सवाल खड़ा कर रही हैं कि आखिर राजधानी में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो रहे हैं।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस हत्याकांड से जुड़े और भी अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia