महज 24 घंटे में 4 कत्ल से दहली राजधानी, लॉकडाउन में चाक-चौबंद दिल्ली पुलिस के दावे हवा 

राष्ट्रीय राजधानी में तीन दिनों के अंदर पांच हत्याओं से सनसनी फैल गई है। इनमें से चार हत्याएं तो बीते 24 घंटों के दौरान हुई हैं। ताजा मामला दिल्ली के कोरोना हॉटस्पॉट निजामुद्दीन का है, जहां मामूली बात पर कत्ल में दो नाबालिग सहित तीन को गिरफ्तार किया गया है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

आईएएनएस

कोरोना वायरस के प्रकोप को रोकने को लिए लागू राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के दौरान राजधानी सहित देश भर में झपटमारी, चोरी, मारपीट और सड़क हादसों में भले ही कमी आई हो, मगर हत्या की घटनाएं अभी भी दिल दहला रही हैं। इसका जीता जागता उदाहरण राष्ट्रीय राजधानी में देखने को मिला है, जहां बीते 24 घंटों में ही चार हत्याएं हो चुकी हैं। दिल्ली में तीन दिनों के अंदर पांच हत्याएं दर्ज होने से सनसनी फैल गई है। पांचवा कत्ल अब दक्षिण पूर्वी दिल्ली के कोरोना हॉटस्पॉट निजामुद्दीन इलाके में हुआ है। यहां मामूली सी बात को लेकर हुए कत्ल में दो नाबालिग सहित तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं।

निजामुद्दीन थाना इलाके में कत्ल की घटना की पुष्टि दक्षिण पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आर. पी. मीणा ने करते हुए बताया कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे दिल्ली पुलिस कंट्रोल रुम को एक महिला ने सूचना दी कि उसके पति की हत्या कर दी गई है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो खुसरो नगर इलाके में 32 साल के एक शख्स का शव पड़ा मिला। मरने वाले युवक की पहचान हसीन उर्फ छिग्गू के रूप में हुई है। छिग्गू कई आपराधिक मामलों में वांछित था। वो निजामुद्दीन थाने का घोषित बदमाश भी था।

छिग्गू की हत्या तीन लोगों ने चाकू से गोदकर की। तीन में दो नाबालिग और एक बालिग शामिल हैं। तीनों हत्या के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। घटना के पीछे पता चला है कि आरोपियों में से एक नाबालिग का छिग्गू की मां से किसी बात पर विवाद हुआ था और तभी से आरोपी बदला लेने की फिराक में थे।

उल्लेखनीय है कि देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान राजधानी में लूटपाट, झपटमारी, जेब काटना, सेंधमारी, सड़क हादसों में बेतहाशा कमी आई है। इन सबके बावजूद बीते चार दिनों में राजधानी के अलग अलग इलाको में पांच कत्ल होने से दिल्ली दहल उठी है। इन पांच कत्ल में से चार कत्ल तो 24 घंटों के अंदर ही हो गए।

इससे पहले दिल्ली के पटेल नगर इलाके में इस सप्ताह एक शख्स का कत्ल कर दिया गया था। पटेल नगर में मारे गए शख्स की जाने-अनजाने बस इतनी गलती थी कि उसने नशेड़ियों द्वारा छत पर शराब पिए जाने की शिकायत मकान मालिक से कर दी थी। इसके बाद बीते 24 घंटे के दौरान छावला इलाके में घर के अंदर ही बेटे-बहू ने वृद्ध दंपत्ति की हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड की तह में घरेलू हिंसा और प्रॉपर्टी विवाद सामने आया है।

इसी तरह शनिवार तड़के पंजाबी बाग थाना क्षेत्र में एक शख्स ने पत्नी की हत्या कर दी। इसके पीछे भी वजह घरेलू हिंसा ही निकली। अब 24 घंटे के अंदर कत्ल की चौथी वारदात हजरत निजामुद्दीन थाना क्षेत्र में घट गई। इतना ही नहीं, इसी दौरान दक्षिण पूर्वी दिल्ली जिले में ही शनिवार दोपहर बाद एक शव पेड़ से झूलता मिला है। यह शव मोहन को-ऑपरेटिव इलाके में पेड़ से लटका हुआ देखा गया। पुलिस को किसी राहगीर ने सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लिया। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। जिला डीसीपी के मुताबिक, मौके पर मौजूद पुलिस छानबीन में जुटी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 25 Apr 2020, 10:02 PM