दिल्लीः नाबालिग लड़की की सरेआम चाकू से गोद-गोदकर हत्या, बोल्डर से सिर कुचला, आरोपी बुलंदशहर से गिरफ्तार

रविवार शाम हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में नीले रंग की टी-शर्ट पहने साहिल नाबालिग लड़की को एक गली में चाकू मारते देखा जा रहा है। घटनास्थल पर करीब 7-8 तमाशबीन भी मौजूद हैं, लेकिन कोई लड़की की मदद के लिए आगे नहीं आया।

दिल्ली में नाबालिग लड़की की सरेआम चाकू से गोद-गोदकर हत्या
दिल्ली में नाबालिग लड़की की सरेआम चाकू से गोद-गोदकर हत्या
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली में एक और दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। राजधानी के शाहबाद डेयरी इलाके में एक वीभत्स घटना में एक 16 वर्षीय लड़की की उसके बॉयफ्रेंड ने सरेआम 20 से अधिक बार चाकू मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं चाकू से गोदने के बाद आरोपी उसके सिर को एक बोल्डर से कुचलने के बाद फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने साहिल नाम के आरोपी को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है।

एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि यह विभत्स घटना रविवार शाम को हुई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान साहिल के रूप में हुई है, जिसे पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया था। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी को दिल्ली लाने की प्रक्रिया चल रही है।

रविवार शाम हुई इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। फुटेज में नीले रंग की टी-शर्ट पहने साहिल नाबालिग लड़की को एक गली में चाकू मारते हुए देखा जा रहा है। घटनास्थल पर करीब सात से आठ तमाशबीन भी मौजूद हैं, लेकिन कोई लड़की की मदद के लिए आगे नहीं आया। एक आदमी बीच-बचाव करने की कोशिश करता दिखता है, लेकिन साहिल उसे धक्का दे देता है।


वीडियो में दिख रहा है कि इसके बाद साहिल लड़की को छुरा घोंपना जारी रखता है, साथ ही आसपास खड़े लोगों को धमकियां भी देता है और उन्हें जाने के लिए कहता है। छुरा घोंपने के बाद साहिल ने पीड़िता को कई बार लात मारी और फिर उस पर पांच बार बोल्डर से हमला किया। इसके बाद वह थोड़ी देर के लिए वहां से चला जाता है लेकिन कुछ ही देर बाद लौट आता है। वह लड़की को एक बार फिर बोल्डर से मारता है। उसे कई बार लात मारता है और फिर वहां चला जाता है।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़िता जेजे कॉलोनी की रहने वाली थी और साहिल के साथ रिलेशनशिप में थी। हाल ही में उनका किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। अधिकारी ने कहा कि पीड़िता अपने दोस्त के बेटे के जन्मदिन में शामिल होने जा रही थी जब साहिल ने उसे रोका। घटना के बाद साहिल मौके से फरार हो गया। उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान छेड़ा गया। पीड़िता के पिता की शिकायत पर आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia