तिलक नगर मुस्कान हत्याकांड: आरोपी जिम ट्रेनर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी 3 गोलियां

तिलक नगर में 21 वर्षीय मुस्कान की हत्या के मामले में जिम ट्रेनर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पैर में तीन गोलियां लगने की पुष्टि की है।

फोटो: IANS
i

पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में 21 वर्षीय छात्रा और मॉडल मुस्कान की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जिम ट्रेनर इमरान, पुत्र जावेद के रूप में हुई है। पश्चिमी जिला स्पेशल स्टाफ की टीम के साथ हुई मुठभेड़ में इमरान के पैर में तीन गोलियां लगीं। पुलिस ने उसे पकड़ने के बाद आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपी को घेरा

डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी के मुताबिक, मुस्कान की हत्या के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए पूरे जिले में नाकाबंदी की गई थी और कई पुलिस टीमों को लगाया गया था। पुलिस के अनुसार, इमरान लगातार अपनी जगह बदल रहा था और अलग-अलग ठिकानों पर छिप रहा था। इसी दौरान इंस्पेक्टर राजेश के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ की टीम इलाके में चेकिंग कर रही थी।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। करीब से देखने पर उसकी पहचान इमरान के रूप में हुई। पुलिस टीम जब उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़ी तो उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में तीन गोलियां लगीं। गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।


घर में अकेली थी मुस्कान, चाकू से किया हमला

पुलिस के मुताबिक, तिलक नगर में मुस्कान की उसके घर के अंदर चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के वक्त वह दूसरी मंजिल पर स्थित अपने घर में अकेली थी। पुलिस को इस मामले में उसके जिम ट्रेनर पर शक था। बताया जा रहा है कि आरोपी इमरान घर में घुसा और उसने चाकू से मुस्कान पर हमला कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

मुस्कान की चीखें सुनकर पड़ोसी उसके घर पहुंचे। उन्होंने उसे गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में पाया। पड़ोसियों ने मुस्कान को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसकी जान नहीं बच सकी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

आरोपी से पूछताछ और जांच जारी

मुस्कान की हत्या के बाद से पुलिस आरोपी इमरान की तलाश में जुटी थी। पुलिस के मुताबिक, वह लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था। आखिरकार स्पेशल स्टाफ की टीम ने चेकिंग के दौरान उसे पहचान लिया और मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी को गोली लगने के बाद पकड़ लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए