दिल्ली: प्रेम प्रसंग के शक में युवती की हत्या, बुराड़ी में सूटकेस से मिला शव, भाई निकला हत्यारा, ऐसे खुला राज

उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी थाना क्षेत्र के अजीत विहार का है। पुलिस को गली नंबर-1 के पास एक डार्क स्पॉट पर संदिग्ध सूटकेस दिखाई दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब सूटकेस खोला तो उसके अंदर युवती का शव बरामद हुआ।

फोटोः IANS
i

दिल्ली के बुराड़ी इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सुनसान जगह पर पड़े सूटकेस के अंदर युवती का शव मिला। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मृतका के चचेरे भाई अविनाश को हिरासत में लिया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी को युवती के प्रेम संबंध को लेकर शक था और इसी वजह से उसने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी।

मामला उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी थाना क्षेत्र के अजीत विहार का है। पुलिस को गली नंबर-1 के पास एक डार्क स्पॉट पर संदिग्ध सूटकेस दिखाई दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब सूटकेस खोला तो उसके अंदर युवती का शव बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक, घटना का सुराग आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ की नाइट चेकिंग के दौरान मिला। टीम को एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर अपनी बहन की हत्या करने की बात बताई।

इसके बाद पुलिस युवक को साथ लेकर अजीत विहार पहुंची। उसकी निशानदेही पर सुनसान जगह से सूटकेस बरामद किया गया, जिसमें युवती का शव रखा हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी को अपनी चचेरी बहन के प्रेम प्रसंग का शक था। इसी शक को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस अब वारदात के पीछे की पूरी वजह, हत्या के तरीके और किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका की जांच कर रही है।

इस मामले की खास बात यह है कि पुलिस को हत्या की जानकारी किसी शिकायत या एफआईआर के जरिए नहीं, बल्कि नाइट चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक से पूछताछ के बाद मिली।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए