मध्य प्रदेश के इंदौर में पकड़ी गई नशे की सौदागार आंटी, पब, जिम और गर्ल्स हॉस्टल में करती थी ड्रग्स सप्लाई

पकड़ी गई महिला ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि उसके पेंडलर इंदौर के कई हिस्सों में घूमते रहते हैं। रईस परिवार के बेटे-बेटियां तो खुद कॉल करके ड्रग्स की पुड़िया लेने आते थे। यह ड्रग्स आठ से 10 हजार रुपये ग्राम के हिसाब से दी जाती थी।

सांकेतिक फोटो
i

मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में पुलिस ने ड्रग्स की आपूर्ति करने वाली एक आंटी को पकड़ने में सफलता पाई है। मूलरूप से पुणे की रहने वाली महिला इंदौर के पब, जिम और गर्ल्स हॉस्टल में ड्रग्स की सप्लाई करती थी। विजयनगर की पुलिस ने उसे एमडीएमए और कोकीन की आपूर्ति करने के मामले में पकड़ा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्कीम नंबर-78 में रहने वाली महिला मूल रूप से पुणे की रहने वाली है, मगर उसकी शादी इंदौर के एक कारोबारी से हुई है। उसने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि उसके पेंडलर इंदौर के कई हिस्सों में घूमते रहते हैं। रईस परिवार के बेटे-बेटियां तो खुद कॉल करके ड्रग्स की पुड़िया लेने आते थे। यह ड्रग्स आठ से 10 हजार रुपये ग्राम के हिसाब से दी जाती थी।

वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डीजीपी को प्रदेश के युवा वर्ग को नशे की दुनिया में ले जाने वाले अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने मंत्रालय में पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी को कहा कि प्रदेश में कुछ स्थानों पर विभिन्न तरह के नशीले पदार्थों की आपूर्ति का कार्य चल रहा है। प्रदेश में स्पेशल टीम गठित कर इस अनैतिक कारोबार और नशे की लत बढ़ाने के कार्य को रोका जाए।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इस तरह के अपराधों से जुड़े व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में बख्शा न जाए। स्कूल और कॉलेज के बच्चों को नशे की आदत डालकर उनके जीवन के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। विद्यार्थी ड्रग्स के उपयोग के दुष्परिणामों से अनभिज्ञ रहते हैं। उन्हें समझाकर भी गलत दिशा में जाने से रोका जाना चाहिए।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए