ग्रेटर नोएडा: दहेज की 'बलि' चढ़ी एक और महिला! संदिग्ध मौत, पति और ससुर गिरफ्तार

ईकोटेक-3 क्षेत्र अंतर्गत जलपुरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र अंतर्गत जलपुरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या करने का सामने आया है।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान दीपिका पुत्री संजय निवासी ग्राम कुड़ी खेड़ा, थाना बादलपुर के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, दीपिका की शादी लगभग 14 महीने पहले जलपुरा गांव निवासी ऋतिक पुत्र मनोज के साथ बड़े धूमधाम से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी में फॉर्च्यूनर गाड़ी समेत करीब एक करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी।

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि मृतका के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने ससुराल पक्ष पर दीपिका की हत्या करने का आरोप लगाया।

घटना की जानकारी मिलने पर थाना ईकोटेक-3 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मामले में मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दीपिका दहेज उत्पीड़न से परेशान थी और उसने घर की छत से कूदकर जान दे दी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, मृतका के परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia