हरियाणाः हिसार कोर्ट के बाहर गैंगस्टर विनोद पन्नू की गोली मारकर हत्या, ताबड़तोड़ गोलीबारी से थर्राया इलाका
एक वकील ने बताया कि जिस मामले में दोनों पक्ष कोर्ट पहुंचे थे, उसमें कोई महत्वपूर्ण फैसला आने की संभावना थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी मामले से जुड़े दोनों पक्षों के बीच कोर्ट परिसर में विवाद हुआ और देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई।

हरियाणा के हिसार में गुरुवार को दिनदहाड़े कोर्ट परिसर के बाहर बाइक सवार अपराधियों ने पेशी के लिए पहुंचे गैंगस्टर विनोद पन्नू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गैंगवार की इस घटना से कोर्ट परिसर और आसपास हड़कंप मच गया। बाइक सवार हमलावर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हिसार के एएसपी मयंक मुद्गिल ने बताया कि लगभग 14 राउंड फायरिंग हुई है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिन लोगों पर फायरिंग हुई थी, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 12 राउंड फायरिंग की, जबकि मौके पर मौजूद एक वकील के मुताबिक कोर्ट के मुख्य गेट के आसपास करीब 15 से 20 राउंड फायर किए जाने की बात सामने आई है। फायरिंग की इस घटना से कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वकील ने बताया कि हिसार कोर्ट में आज दो पक्षों के बीच गैंगवार जैसी स्थिति पैदा हो गई। घटना में करीब तीन लोगों के गोली लगने की सूचना है। वकील ने बताया कि जिस मामले में दोनों पक्ष कोर्ट पहुंचे थे, उसमें कोई महत्वपूर्ण फैसला आने की संभावना थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी मामले से जुड़े दोनों पक्षों के बीच कोर्ट परिसर में विवाद हुआ और देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई।
वकील ने कहा कि मेन गेट की तरफ करीब 15 से 20 राउंड फायर किए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा वकीलों की पार्किंग के अंदर भी दो राउंड फायर होने की जानकारी है। यह वकीलों की सुरक्षा के लिहाज से मामला बड़ा संवेदनशील है। वकील ने आगे कहा कि जिला प्रशासन को अदालत परिसर और उसके आसपास विशेष निगरानी तंत्र स्थापित करना चाहिए। कोर्ट के अंदर अगर इस तरह से गोलीबारी होती है, तो प्रशासन के ऊपर प्रश्नचिह्न लगना लाजमी हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
