रांची में हरियाणा जैसी वारदात, तस्करों ने महिला दारोगा को रौंद कर मार डाला

दारोगा संध्या पुलिस टीम के साथ गाड़ियों की चेकिंग के लिए रांची-खूंटी रोड पर हुलहुंडू के पास तैनात थीं। पशुओं से लदी एक पिकअप वैन को उन्होंने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने दुस्साहसिक तरीके से तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए महिला दारोगा को रौंद डाला।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

हरियाणा में एक डीएसपी को खनन माफियाओं द्वारा कुचलकर मार डालने की हृदयविदारक घटना की तरह ही झारखंड के रांची के तुपुदाना में पशु तस्करों द्वारा महिला दारोगा संध्या टोपनो को गाड़ी से निर्मम तरीके से रौंदने की घटना सामने आई है। इलाज के दौरान उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

वारदात बुधवार तड़के तीन बजे की है। इसे लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।झारखंड पुलिस की 2018 बैच की दारोगा संध्या पुलिस टीम के साथ गाड़ियों की चेकिंग के लिए रांची-खूंटी रोड पर हुलहुंडू के पास तैनात थीं। पशुओं से लदी एक बोलेरो पिकअप वैन को उन्होंने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने दुस्साहसिक तरीके से तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए महिला दारोगा को रौंद डाला।


रांची के एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि महिला दारोगा को कुचलने वाले ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वैन को भी जब्त कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि खूंटी और गुमला जिले की पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ वाहनों पर पशुओं को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। इसे लेकर रांची पुलिस को भी अलर्ट किया गया था। इसी सूचना पर दारोगा संध्या टोपनो ने अपनी टीम के साथ हुलहुंडू के पास देर रात से चेकिंग लगायी थी।

संध्या टोपनो रांची के तुपुदाना थाने में प्रभारी के तौर पर पदस्थापित थीं। उनके परिवार में मां, एक भाई और एक बहन है। उनकी शादी नहीं हुई थी। वह इसी थाना क्षेत्र के सिंहमोड़ इलाके में मां के साथ रहती थीं। उनकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके सहकर्मी भी गमजदा हैं।

बता दें कि राज्य में गोवंशीय पशुओं की तस्करी में कई गिरोह एक साथ सक्रिय हैं। पूर्व में पुलिस की जांच में भी यह बात सामने आयी है कि राज्य से पशुओं की तस्करी कर बांग्लादेश तक ले जाया जाता है। इन्हें पुलिस-प्रशासन और राजनीतिक तौर पर संरक्षण दिये जाने के आरोप भी लगते रहे हैं।


इधर राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी बीजेपी ने इस वारदात को लेकर राज्य की विधि-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने वीडियो जारी कर कहा कि गौ तस्करी का कारोबार इस सरकार में लगातार बढ़ा है। तस्करों को राज्य सरकार का भी समर्थन प्राप्त है। यह घटना बताती है कि राज्य जंगल राज की ओर है। उन्होंने राज्य सरकार से गो तस्करी पर रोक के लिए अविलंब सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia