उन्नाव रेप पीड़िता की मौत के लिए यूपी सरकार जिम्मेदार? पीड़िता को सुरक्षा नहीं दिए जाने पर उठ रहे कई सवाल 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की मौत के बाद उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने शनिवार को एक ट्वीट में कहा, “मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उन्नाव पीड़िता के परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत दें।”

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की मौत के बाद उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने शनिवार को एक ट्वीट में कहा, "मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उन्नाव पीड़िता के परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत दें।"

उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की और कहा, "यह हम सबकी नाकामी है कि हम उसे न्याय नहीं दे पाए। सामाजिक तौर पर हम सब दोषी हैं, लेकिन यह उत्तर प्रदेश में खोखली हो चुकी कानून-व्यवस्था को भी दिखाता है।"

प्रियंका ने सवाल किया कि राज्य में महिलाओं पर अत्याचार क्यों बढ़ रहे हैं और उन्नाव में पिछली घटना को देखते हुए पीड़िता को कोई सुरक्षा क्यों नहीं दी गई।


उन्होंने लिखा, "उन्नाव की पिछली घटना को ध्यान में रखते हुए सरकार ने तत्काल पीड़िता को सुरक्षा क्यों नहीं दी? जिस अधिकारी ने उसका एफआईआर दर्ज करने से मना किया, उस पर क्या कार्रवाई हुई?"

प्रियंका ने आगे कहा, "उत्तर प्रदेश में रोज रोज महिलाओं पर जो अत्याचार हो रहा है, उसको रोकने के लिए सरकार क्या कर रही है?"

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सभी आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि हम इस केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाकर आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने का प्रयास करेंगे।


उत्तर प्रदेश के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने उन्नाव रेप पीड़िता के निधन पर कहा, “यह दुखद है कि पीड़िता आज हमारे बीच नहीं है। हम इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाने के लिए आज संबंधित अदालत में अपील करेंगे। हम मामले को दिन प्रतिदिन सुनवाई के लिए भी अपील करेंगे।”

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia