कश्मीर के सोपोर में नगरपालिका ऑफिस पर आतंकी हमला, पार्षद समेत दो लोगों की मौत, एक गंभीर घायल

इस हमले के पीछे किस संगठन का हाथ है और कितने आतंकी शामिल थे, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। आतंकियों के इलाके में ही छिपे होने की आशंका जताई जा रही है। इलाके में सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर हमलावरों को पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया है।

फाइल फोटोः सोशल मीडिया
i

जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर में बड़ा आतंकी हमला हुआ है। सोमवार दोपहर को आंतकियों ने सोपोर स्थित नगरपालिका कार्यालय पर अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दिया। खबर है कि इस आतंकी हमले में ब्लॉक विकास परिषद (बीडीसी) के एक सदस्य और उनके निजी सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल है।

कश्मीर के आईजी विजय कुमार ने बताया कि आतंकियों ने सोपोर में नगर पालिका कार्यालय के बाहर बीडीसी सदस्य रियाज अहमद और उनके सुरक्षाकर्मी शफकत अहमद पर गोली चलाई। उन्होंने कहा कि हमले में रियाज और शफकत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि हमले में बीडीसी सदस्य शम्सुद्दीन पीर गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें इलाके के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं इस आतंकी हमले के बाद इलाके में फोर्स तैनात कर दी गई है और क्षेत्र की घेराबंदी कर हमलावरों को पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया गया है। आतंकियों के इलाके में ही छिपे होने की आशंका जताई जा रही है। इस हमले के पीछे किस संगठन का हाथ है और कितने आतंकी शामिल थे, इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

बता दें कि हाल ही में उत्तरी कश्मीर के सोपोर में एक और आतंकी हमला हुआ था, जिसमें आतंकियों ने एक पुलिस चौकी पर ग्रेनेड से हमला किया था। पुलिस चौकी पर हुए इस आतंकी हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 29 Mar 2021, 4:00 PM