झारखंडः गुमला में दो बहनों से गैंगरेप के सभी 9 आरोपी गिरफ्तार, एक ने पुलिस के खौफ से की खुदकुशी
गुमला पुलिस ने आज गैंगरेप के 7 आरोपियों को तब गिरफ्तार किया, जब वे एक वकील के घर उनसे मिलने पहुंचे थे। इससे पहले शनिवार को थाने में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जबकि एक ने पुलिस दबिश से डरकर अपने घर में फांसी लगा ली थी।

झारखंड के गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड के गुरदरी थाना क्षेत्र में दो नाबालिग बहनों से सामूहिक बलात्कार के नौ आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी ने थाना में नामजद केस दर्ज होने के अगले ही दिन फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस अब सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों लड़कियां बीते शुक्रवार की शाम अपने भाई के साथ दशहरा मेला देखकर गांव लौट रही थीं, तभी रास्ते में दस युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने भाई को मारपीट कर भगा दिया और दोनों लड़कियों को पास के जंगल में ले जाकर उनसे सामूहिक दुष्कर्म किया।
शनिवार को थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने दबिश बढ़ायी तो इनमें से एक आरोपी ने अपने घर में ही फांसी लगा ली। आज 7 आरोपियों को पुलिस ने तब गिरफ्तार कर लिया, जब वे गुमला में एक वकील के घर उनसे मिलने पहुंचे थे। गुमला पुलिस ने बताया कि सातों अभियुक्त अदालत में आत्मसमर्पण करने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन वकील के घर से निकलते ही पुलिस ने उन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। दो आरोपियों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
इधर, गोड्डा जिले के मेहरमा प्रखंड कार्यालय में तैनात दो होमगार्डस पर एक मूक बधिर महिला ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए रविवार को प्राथमिकी दर्ज करायी थी। उसने पुलिस को इशारों में बताया कि वह प्रखंड कार्यालय के पास बकरी चराने गयी थी, तभी दो होमगार्ड जवानों ने उसकी इज्जत लूटी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia