झारखंड: गोड्डा में पंचायत मुखिया पर दिनदहाड़े फायरिंग, बाल-बाल बचे, गिरफ्तारी की मांग पर ग्रामीणों ने घेरा थाना

झारखंड के गोड्डा जिले में पंचायत मुखिया अनुपम भगत पर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना सामने आई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

फोटो: सोशल मीडिया
i

झारखंड के गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र में गुरुवार को पंचायत मुखिया अनुपम भगत उर्फ लड्डू पर बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी। हमले में मुखिया बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पोड़ैयाहाट थाना पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। 

पुलिस के अनुसार, अनुपम भगत स्थानीय भारतीय स्टेट बैंक शाखा से लौट रहे थे। इसी दौरान मुख्य बाजार स्थित पंडित टोला कांबली बगीचा के पास उन पर फायरिंग की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दो राउंड गोली चलाई गई। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। मुखिया अनुपम भगत ने पुलिस को दिए बयान में नयन यादव, अंकित यादव और विकास यादव को नामजद करते हुए उन पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि हमलावर उन्हें जान से मारने की नीयत से आए थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की पृष्ठभूमि को लेकर भी चर्चा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अनुपम भगत वर्ष 2024 के चर्चित शैलेंद्र भगत हत्याकांड के प्रमुख गवाहों में शामिल रहे हैं। हाल ही में उन्होंने इस मामले में अदालत में गवाही भी दी थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक फायरिंग की घटना को किसी विशेष मामले से जोड़कर आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की बात कही है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण थाना परिसर पहुंच गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मामले की जांच जारी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए