झारखंडः सुरक्षाबलों के 48 जवानों की हत्या में शामिल नक्सली कमांडर ने किया सरेंडर, 15 लाख का था इनाम

नवीन संगठन में रीजनल कमांडर था और झारखंड-बिहार सहित कई राज्यों की पुलिस उसकी तलाश में थी। वह झारखंड में नक्सलियों के अभेद्य दुर्ग कहे जाने वाले बूढ़ा पहाड़ से पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा आदि जिलों में बंदूक के जोर पर आतंक की हुकूमत चलाता था।

झारखंडः सुरक्षाबलों के 48 जवानों की हत्या में शामिल नक्सली कमांडर ने किया सरेंडर, 15 लाख का था इनाम
झारखंडः सुरक्षाबलों के 48 जवानों की हत्या में शामिल नक्सली कमांडर ने किया सरेंडर, 15 लाख का था इनाम
user

नवजीवन डेस्क

झारखंड-बिहार में नक्सली पुलिस और सुरक्षाबलों के 48 जवानों की हत्या में शामिल और प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के टॉप कमांडरों में शामिल नवीन यादव ने आज चतरा में डीसी अबु इमरान, एसपी राकेश रंजन और सीआरपीएफ 190 बटालियन के कमांडेंट मनोज कुमार के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

झारखंड सरकार की पॉलिसी के अनुसार, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बुके देकर नवीन यादव का मुख्यधारा में स्वागत किया गया। उसे अब हजारीबाग के ओपन जेल में शिफ्ट किया जाएगा। वह हत्या, आगजनी, लूट, अवैध हथियार रखने समेत 72 मामलों में वांटेड था। उसके खिलाफ झारखंड के चतरा में 16, लातेहार में 16, गढ़वा में 7, पलामू में 2, बिहार के गया में 6 और छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला में 4 मामले दर्ज हैं।


वर्ष 2011 में चतरा के तत्कालीन सांसद इंदर सिंह नामधारी के काफिले पर हमले में आठ जवानों की शहादत, उसी वर्ष गढ़वा के भंडरिया में नक्सली हमले में 13 जवानों की मौत और साल 2016 में बिहार के औरंगाबाद-गया बॉर्डर पर नक्सलियों के हमले में कोबरा बटालियन के 10 जवानों की शहादत की घटनाओं में नवीन यादव शामिल रहा है। उसके आत्मसमर्पण को झारखंड पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

नक्सली संगठन में नवीन का ओहदा रीजनल कमांडर का था और झारखंड-बिहार सहित कई राज्यों की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। नवीन झारखंड में नक्सलियों के अभेद्य दुर्ग माने जाने वाले बूढ़ा पहाड़ से पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा आदि जिलों में बंदूक के जोर पर आतंक की हुकूमत चलाता था। नवीन को नक्सली संगठन में सरबजीत यादव और विजय यादव के नाम से भी जाना जाता था। उसने कारोबारियों-ठेकेदारों से करोड़ों की लेवी (रंगदारी) की उगाही की है।


पुलिस की जांच में यह बात सामने आई थी कि उसने लेवी की रकम से पलामू के रेड़मा में 18.5 एकड़ और चतरा के प्रतापपुर में करीब 13 एकड़ जमीन खरीदी थी। झारखंड के चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बसबुटा गांव का निवासी नवीन वर्ष 2000 में नक्सली संगठन में शामिल हुआ था। इसके बाद से ही वह पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia