MP: रायसेन में वन विभाग के पूर्व कर्मचारी ने डिप्टी रेंजर सहित दो को मारी गोली, खुद को लगाई फांसी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।अधिकारी ने बताया कि दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया लेकिन दोनों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भोपाल भेज दिया गया, जबकि आरोपी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

मध्य प्रदेश के रायसेन में मंगलवार को वन विभाग के एक पूर्व कर्मचारी ने कथित आपसी रंजिश के कारण एक डिप्टी रेंजर सहित दो लोगों पर गोली चलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और फिर खुद पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि घटना के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और वारदात में प्रयुक्त हथियार जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामला पुरानी रंजिश या आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है।
अधिकारी ने बताया कि घटना जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर सागर रोड पर स्थित वन विभाग की अमरावद नर्सरी में हुई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।अधिकारी ने बताया कि दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया लेकिन दोनों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भोपाल भेज दिया गया, जबकि आरोपी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
रायसेन की अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) प्रतिभा शर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान गुड्डा लोधी (55) के रूप में हुई है और वह पूर्व में अमरावद नर्सरी में काम करता था और किसी बात को लेकर उसका डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा (50) से विवाद था। उन्होंने बताया कि आरोपी लोधी दोपहर के वक्त अमरावद नर्सरी पहुंचा और डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा से पहले बात की और फिर दोनों के बीच बातों-बातों में विवाद बढ़ गया।
एसडीपीओ ने बताया कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपी गुड्डा लोधी ने डिप्टी डेंजर एवं एक महिला मजदूर सावित्री बाई पर अवैध देशी रिवॉल्वर से गोली चला दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गुड्डा लोधी ने परिसर में ही एक पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia