दिल्ली के थाने में पुलिस पर चाकू से हमला, नौ पुलिसकर्मी घायल, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी छह गोलियां
आरोपी को काबू करने के लिए पुलिसकर्मियों ने कमर के नीचे निशाना लगाकर कुल आठ गोलियां चलाईं, जिनमें से छह आरोपी के पैरों में लगीं। अधिकारी ने बताया कि गोली लगने से घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राजधानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार को एक आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गया। इसके बाद चांदनी महल क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले चितली कब्र इलाके में उसे पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर उसने दोबारा हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस ने आठ गोलियां चलाईं, जिनमें से छह आरोपी के पैरों में लगीं। वहीं इस घटना में कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
मां-बहन की शिकायत पर थाने बुलाया गया था आरोपी
मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर सिंह ने बताया आरोपी की पहचान कला महल निवासी नबील के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उसकी मां और बहन ने शिकायत दी थी कि वह उन्हें परेशान करता है जिसके बाद सोमवार को उसे जामा मस्जिद थाने में परामर्श के लिए बुलाया गया था।
थाने में चाकू से हमले में 5 पुलिसकर्मी घायल
डीसीप ने बताया कि पुलिसकर्मियों से बातचीत के दौरान अपराह्न करीब ढाई बजे नबील ने अचानक चाकू निकालकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया जिसमें उपनिरीक्षक अजय, उपनिरीक्षक अरविंद और हेड कांस्टेबल हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सहायक उपनिरीक्षक श्रीकृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत को भी चोटें आईं। सभी पांच घायलों को इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल ले जाया गया।
भागने के लिए एक व्यक्ति से स्कूटर छीना
अधिकारी ने बताया कि हमले के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया और भागने के लिए उसने कथित तौर पर एक व्यक्ति से स्कूटर छीन लिया। डीसीपी ने बताया कि मध्य जिले की वाहन चोरी रोधी दस्ता (एएटीएस) और ‘स्पेशल स्टाफ’ की संयुक्त टीम ने पीछा करते हुए उसे चांदनी महल थाना क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले चितली कबर इलाके की गली आजम खान में ढूंढ निकाला।
दोबारा चाकू से हमले में तीन जवान घायल
डीसीपी के मुताबिक, शाम करीब साढ़े चार बजे टीम ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने दोबारा चाकू से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया जिसमें ‘स्पेशल स्टाफ’ के कांस्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने आठ गोलियां चलाईं, छह आरोपी के पैरों में लगीं
डीसीपी ने बताया कि आरोपी से खतरे को देखते हुए टीम ने नियंत्रित तरीके से गोलीबारी की और पुलिसकर्मियों ने कमर के नीचे निशाना लगाकर कुल आठ गोलियां चलाईं, जिनमें से छह आरोपी के पैरों में लगीं। अधिकारी ने बताया कि गोली लगने से घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ 2022 में दरियागंज थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 324 (धारदार हथियार से जानबूझकर हमला करके चोट पहुंचाना) के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने कहा कि जामा मस्जिद और चांदनी महल थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
