ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नबा दास को झारसुगुड़ा के ब्रजराजनगर में मारी गई गोली, उन्हें अस्पताल ले जाया गया

बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई जब स्वास्थ्य मंत्री नबा दास ब्रजराजनगर के गांधी चौक पर एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

फोटो: सोशल मीडिया
i

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नबा दास को झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर में एक पुलिसकर्मी ने गोली मार दी। गोली लगने से वह घायल हो गए। गोलीबारी की घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आनन फानन में उन्हें पास अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज किया गया। उकनी हालत गंभीर है।

प्रथामिक इलाज के बाद स्वास्थ्य मंत्री नबा दास को लेकर एक एंबुलेंस भुवनेश्वर हवाईअड्डे से एक निजी अस्पताल के लिए रवाना हुई है। पुलिस कर्मी द्वारा गोली मारे जाने के बाद उन्हें भुवनेश्वर ले जाया गया।

बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई जब स्वास्थ्य मंत्री नबा दास ब्रजराजनगर के गांधी चौक पर एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। एक चश्मदीद ने बताया कि जब वे वहां पहुंचे, तो उनका स्वागत करने के लिए भीड़ जमा हो गई। अचानक, एक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। हमने देखा कि एक पुलिस कर्मी ने नजदीक से गोली चलाई और वह वहां से फरार हो गया।


ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा, “मैं इस हमले की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से स्तब्ध हूं। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। क्राइम ब्रांच को जांच करने का निर्देश दिया गया है। क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाने के लिए कहा गया है।”

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 29 Jan 2023, 2:04 PM