बेंगलुरु में अवैध रूप से रह रही पाकिस्तानी महिला गिरफ्तार, प्रेम का मामला या जासूसी, जांच में जुटी एजेंसियां

इकरा केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के निशाने पर तब आई जब वह पाकिस्तान में अपने परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी। केंद्रीय एजेंसियों ने कर्नाटक इंटेलिजेंस को सतर्क किया। सूचना पर पुलिस ने घर पर छापा मारा और दंपति को गिरफ्तार कर लिया।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

भारत में अवैध रूप से रह रही और कथित तौर पर फर्जी पहचान बनाने वाली 19 वर्षीय एक पाकिस्तानी लड़की को बेंगलुरु में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इकरा जीवनी को गिरफ्तार कर एफआरआरओ अधिकारियों को सौंप दिया है। बाद में उसे महिला राजकीय गृह भेज दिया गया।

इस मामले में बेलंदूर पुलिस ने उत्तर प्रदेश से 25 वर्षीय सुरक्षा गार्ड मुलायम सिंह यादव को भी गिरफ्तार किया, जिससे पाकिस्तानी लड़की ने कुछ महीने पहले एक डेटिंग ऐप के जरिए मुलाकात के बाद शादी की थी। पुलिस के मुताबिक, वह भारत-नेपाल सीमा के जरिए भारत में दाखिल हुई थी।

जांच में पता चला कि यादव ने एक डेटिंग ऐप पर इकरा से दोस्ती की और फिर उन्होंने शादी करने का फैसला किया। सुरक्षा गार्ड ने उसे कुछ महीने पहले नेपाल बुलाया था, जहां उन्होंने शादी कर ली। यह जोड़ा भारत पहुंचने के लिए बिहार के बीरगंज आया और वहां से फिर पटना पहुंचा।


यादव और इकरा बाद में बेंगलुरु आ गए और जुन्नासंद्रा में किराए के मकान में रहने लगे, जहां यादव ने सितंबर 2022 से सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करना शुरू किया। यहां तक कि उसने इकरा का नाम बदलकर रवा यादव करने के बाद उसका आधार कार्ड भी हासिल कर लिया और भारतीय पासपोर्ट के लिए आवेदन कर दिया।

इकरा केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के निशाने पर तब आई जब वह पाकिस्तान में अपने परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी। केंद्रीय एजेंसियों ने कर्नाटक इंटेलिजेंस को सतर्क किया। सूचना पर पुलिस ने घर पर छापा मारा और दंपति को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों ने कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि पाकिस्तानी महिला किसी जासूसी गिरोह का हिस्सा तो नहीं थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia