पंजाब: अमृतसर में ड्यूटी पर तैनात ASI की गोली मारकर हत्या, अज्ञात हमलावरों ने वारदात को दिया अंजाम
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और थाने की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने वारदात के बाद आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया।

पंजाब के अमृतसर में ड्यूटी पर तैनात पंजाब पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) की शुक्रवार को मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना भगतवाला अनाज मंडी की है। गोली लगने के बाद वे घायल हो गए थे। तत्काल उन्हें अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि तड़के करीब तीन बजे हुई इस घटना में मारे गये एएसआई की पहचान हरजीत सिंह के तौर पर हुई है।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और थाने की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने वारदात के बाद आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया। हमलावरों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य भी जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने क्या कहा?
इस घटना पर पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "अमृतसर जिले के हमारे बहादुर पुलिस अधिकारी एएसआई हरजीत सिंह ने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। पंजाब पुलिस इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।"
डीजीपी ने लिखा, "मुख्यमंत्री ने उनके परिवार के लिए 1 करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि की घोषणा की है और एचडीएफसी बैंक की ओर से उनके परिवार को 1 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बीमा भुगतान भी किया जाएगा। शहीद को पूरे पुलिस सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी। उनकी आत्मा को शांति मिले। हमारी प्रार्थनाएं उनके परिवार और रिश्तेदारों के साथ हैं।"
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
