आरजी कर रेप-मर्डर केस: CBI ने महिला कर्मचारी का मोबाइल किया जब्त, पीड़िता के परिवार को दी थी घटना की जानकारी

ऐसा इसलिए किया गया, क्योंकि पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया था कि घटना की जानकारी देने के लिए कुछ ही समय के भीतर किए गए कई कॉल्स में उस महिला कर्मचारी ने अलग-अलग और विरोधाभासी बातें बताई थीं। जब्त किए गए मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

आरजी कर रेप-मर्डर केस: CBI ने महिला कर्मचारी का मोबाइल किया जब्त, पीड़िता के परिवार को दी थी घटना की जानकारी
i

अगस्त 2024 में कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल की एक जूनियर डॉक्टर से रेप और मर्डर की नए सिरे से जांच कर रही सीबीआई की नई एसआईटी ने हॉस्पिटल की एक महिला कर्मचारी का मोबाइल जब्त कर लिया है। 9 अगस्त 2024 की सुबह जब सेमिनार रूम में महिला जूनियर डॉक्टर का शव मिला, तो आरजी कर की इसी महिला कर्मचारी ने सबसे पहले पीड़िता के परिवार को घटना की जानकारी दी थी।

पीड़िता के परिवार के आरोपों पर कार्रवाई

सूत्रों ने बताया कि परिवार को घटना की जानकारी देने वाली महिला कर्मचारी का मोबाइल जब्त कर लिया गया है। ऐसा इसलिए किया गया, क्योंकि पीड़िता के परिवार वालों ने आरोप लगाया था कि घटना की जानकारी देने के लिए कुछ ही समय के भीतर किए गए कई कॉल्स में उस महिला कर्मचारी ने अलग-अलग और विरोधाभासी बातें बताई थीं। जब्त किए गए मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।


कर्मचारी ने दी थी विरोधाभासी जानकारी

सूत्रों ने आगे बताया कि जांचकर्ता घटना से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब खोजने के लिए फोन कॉल रिकॉर्ड और दूसरी जानकारियों की जांच कर रहे हैं। केंद्रीय जांच एजेंसी की नई एसआईटी के सदस्य इस बात की जांच कर रहे हैं कि अस्पताल की महिला कर्मचारी ने किसके कहने पर और कैसे पीड़िता के परिवार से संपर्क किया। जांच अधिकारी पीड़िता के परिवार के उन आरोपों की भी पुष्टि करने की कोशिश कर रहे हैं, जिनमें कहा गया है कि महिला कर्मचारी ने बाद में किए गए कॉल में घटना के बारे में अलग-अलग और विरोधाभासी जानकारी दी थी।

इसे भी पढ़ेंः कोलकाता रेप-मर्डर केस में दोषी संजय रॉय को मिली उम्रकैद की सजा, 50 हजार का जुर्माना भी लगा

कॉल रिकॉर्ड से अहम सुराग मिल सकते हैं

जांच अधिकारियों को लगता है कि कॉल रिकॉर्ड से रेप और हत्या के पीछे की बड़ी साजिश के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं। जांच अधिकारी इस बात पर भी ध्यान दे रहे हैं कि पीड़िता के परिवार से संपर्क करने से पहले महिला कर्मचारी ने किन-किन नंबरों पर कॉल किए थे और किन नंबरों से उसे कॉल आए थे। सूत्रों के मुताबिक, जब्त किए गए मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजने का मकसद यह पता लगाना है कि क्या उस मोबाइल से कोई डिलीट किया गया डेटा वापस पाया जा सकता है।

इसे भी पढ़ेंः आरजी कर रेप-हत्या केसः ममता ने दोषी को उम्रकैद पर जताया असंतोष, कहा- कोलकाता पुलिस करती जांच तो फांसी होती


फोरेंसिक जांच से खुलेंगे कई राज

यह भी पता करना मकसद है कि क्या कॉल लॉग के अलावा किसी और डिजिटल कम्युनिकेशन से कोई नया सुराग मिल सकता है। वहीं, रविवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने आदेश दिया कि राज्य पुलिस उस घटना की दोबारा जांच करे जिसमें अगस्त 2024 में आरजी कर रेप और मर्डर केस की पीड़िता का अंतिम संस्कार जल्दबाजी में किया गया था।

इसे भी पढ़ेंः कोलकाता रेप-मर्डर केस: आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल से 10 डॉक्टर किए गए निष्कासित, संदीप घोष के थे करीबी!

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए