MP के अलीराजपुर में दिल दहलाने वाली घटना, घर में फंदे से लटके मिले परिवार के 5 लोग, 3 बच्चे शामिल

राकेश के पड़ोसियों का कहना है कि उसने कभी भी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया और न ही वह परेशान ही नजर आया। उसके परिवार के भी किसी सदस्य ने अपनी परेशानी किसी को नहीं बताई। इसलिए, इस घटना को लेकर कई तरह की आशंका व्यक्त की जा रही है।

MP के अलीराजपुर में घर में फंदे से लटके मिले परिवार के 5 लोग, 3 बच्चे शामिल
i

मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव घर में फांसी के फंदे से लटके मिले। मरने वालों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अब तक परिवार की मौत पर संदेह बना हुआ है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुनेरी पंचायत के राउड़ी गांव में राकेश सिंह, उनकी पत्नी ललिता और दो बेटे और एक बेटी के शव फांसी के फंदे से लटके मिले हैं। यह आत्महत्या है या हत्या, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास सहित तमाम अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।


बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह राकेश का एक परिजन घर पहुंचा तो उसने परिवार के सभी सदस्यों के शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटके देखे। उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। बाद में सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस आई। पुलिस ने राकेश और उसके परिवार के सदस्यों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। मोहल्ले में घटना को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं। राकेश के पड़ोसियों का कहना है कि उसने कभी भी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया और न ही वह परेशान नजर आया। उसके परिवार के भी किसी सदस्य ने अपनी परेशानी किसी को नहीं बताई। इसलिए, इस घटना को लेकर कई तरह की आशंका व्यक्त की जा रही है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए