निक्की यादव हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा, साहिल-निक्की की अक्टूबर 2020 में ही हो चुकी थी शादी!

बताया जा रहा है कि इस शादी से नाराज साहिल के परिवार ने दिसंबर 2022 में उसकी शादी कहीं और तय कर दी। लड़की के परिजनों से इस बात को छिपाया कि साहिल ने निक्की से पहले ही शादी कर ली थी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

निक्की यादव हत्याकांड की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है। आरोपी साहिल इस समय पुलिस की रिमांड। उससे पुलिस पूछताछ कर रही है। इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस पूछताछ में कई खुलासे हुए हैं। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, इस मामले के मुख्य आरोपी साहिल और निक्की की शादी अक्टूबर 2020 में नोएडा के एक मंदिर में हो चुकी थी। साहिल का परिवार उनकी शादी से नाखुश था। साहिल और निक्की ने अक्टूबर 2020 मे नोएडा के आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। खबरों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने रिमांड के दौरान पूछताछ के बाद साहिल और निक्की की शादी से जुड़े सर्टिफिकेट भी बरामद कर लिए हैं।

बताया जा रहा है कि इस शादी से नाराज साहिल के परिवार ने दिसंबर 2022 में उसकी शादी कहीं और तय कर दी। लड़की के परिजनों से इस बात को छिपाया कि साहिल ने निक्की से पहले ही शादी कर ली थी। इस बात से जाहिर होता है कि साहिल के परिवार को निक्की से शादी की बात पहले से ही पता थी।


पूरा मामला क्या है?

आरोपी साहिल गहलोत दिल्ली के नजफगढ़ के मित्रांव गांव का रहने वाला है। साल 2018 में हरियाणा के झज्जर की रहने वाली निक्की यादव से उसकी दोस्ती हुई थी। दोनों उत्तम नगर में कोचिंग में साथ पढ़ते थे। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों लिव इन रिलेशन में रहने लगे। सब कुछ ठीक चल रहा था। बताया जा रहा है कि दिक्कत पिछले साल से शुरू हुई, जब साहिल के परिजन उसके ऊपर शादी करने के लिए दबाव डालने लगे।

बताया जा रहा है कि साहिल परिजनों की मर्जी से शादी करने के लिए तैयार हो गया। उसने बीती 9 फरवरी को इंगेजमेंट की। शादी की तारीख 10 फरवरी तय की गई। जैसे ही साहिल की इंगेजमेंट की खबर निक्की को लगी, उसकी इस बात को लेकर साहिल से झगड़ा हुआ। ऐसा दावा किया जा रहा है कि निक्की को फोन कर साहिल ने घूमने के लिए बुलाया। 9 दिसंबर की रात साहिल निक्की के फ्लैट पर पहुंचा और निक्की को अपनी कार में बैठाया। कार में दोनों के बीच झगड़ा हुआ। निक्की, साहिल से दूसरी लड़की से शादी करने के लिए मना कर रही थी। साहिल ने कार के अंदर ही निक्की की हत्या कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास कर दी। हत्या के बाद निक्की के शव को बगल वाली सीट पर रखकर 40 किलोमीटर तक दिल्ली की सड़कों पर घुमाता रहा। इसके बाद वह शव को लेकर मित्राऊ गांव में अपने ढाबे पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि यह ढाबा काफी दिनों से बंद पड़ा था। उसने इसी ढाबे में फ्रिज में निक्की के शव को छिपा दिया।

निक्की की हत्या कर साहिल ने दूसरी लड़की से कर ली शादी

साहिल ने निक्की की हत्या के बाद 10 फरवरी को दूसरी लड़की के साथ शादी कर ली। साहिल ने चार दिनों तक निक्की के शव को फ्रिज में छिपाए रखा। वहीं, जब तीन-चार दिन तक निक्की के परिजनों की उससे बात नहीं हुई, तो उन्होंने क्राइम ब्रांच में अपने एक जानने वाले पुलिसकर्मी को पूरे मामले की जानकारी दी। निक्की के फोन को सर्विलांस पर लगाया गया, तो ढाबे का लोकेशन मिला। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची और शव को बरामद कर लिया। शव बरामद करने के बाद पुलिस ने आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में साहिल ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 18 Feb 2023, 8:22 AM