बीवी साथ इसलिए कि शक न हो! परिवार की ढाल में चल रहा था हेरोइन का धंधा, कीमत जानकर पुलिस के उड़े होश

दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर पर पुलिस ने परिवार की आड़ में हेरोइन तस्करी कर रहे पति-पत्नी को गिरफ्तार कर 1.3 किलो से ज्यादा हेरोइन बरामद की।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

पीटीआई (भाषा)

दिल्ली पुलिस ने एक दंपति को गिरफ्तार किया है, जिसने कथित तौर पर पारिवारिक यात्रा की आड़ में 7.5 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन की खेप को तस्करी कर राष्ट्रीय राजधानी में पहुंचाया था। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कुल 1.504 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है और दंपति तथा मादक पदार्थ प्राप्त करने वाले एक शख्स सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों की पहचान दिल्ली के नारायणा निवासी आरिफ खान (46), उसकी पत्नी शिखा अली (30) और भलस्वा डेयरी के जुम्मन (32) के तौर पर हुई है।

सूचना के बाद पुलिस ने की नाकेबंदी

अधिकारी ने बताया, “ अपराध शाखा की एक टीम को विशिष्ट सूचना मिली थी कि आरिफ उत्तर प्रदेश के बरेली से भारी मात्रा में हेरोइन की तस्करी कर रहा है और उसे गाजियाबाद के लोनी और दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में आपूर्ति कर रहा है। आरोपी रात के अंधेरे में प्रतिबंधित माल की ढुलाई के लिए व्यावसायिक वाहन का इस्तेमाल कर रहा था।”

उन्होंने बताया कि उसकी पत्नी उसके साथ इसलिए थी ताकि कानून प्रवर्तन एजेंसियां वाहन पर संदेह न करें और यह मान लें कि इसमें एक परिवार साथ यात्रा कर रहा है।

मिली जानकारी के आधार पर, टीम ने दिल्ली-गाजियाबाद के भूपुरा बॉर्डर के पास छानबीन की और वाहन के दिल्ली में प्रवेश करने के मार्ग और समय का विश्लेषण किया। देर रात, गाजियाबाद की ओर से दिल्ली में प्रवेश कर रही एक कार को रोका गया। उसमें सवार लोगों को पकड़ा गया जिनकी पहचान आरिफ और शिखा के रूप में हुई।

1 किलो से ज्यादा हेरोइन बरामद

अधिकारी ने बताया, "कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद तलाशी के दौरान उनके पास से 303 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा, कार की पिछली सीट पर पड़े एक बैग में छुपा कर रखी गई 1,007 ग्राम हेरोइन मिली।"

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान, आरिफ ने अपने आपूर्तिकर्ताओं और इसके प्राप्तकर्ताओं के बारे में जानकारी दी। उसने खुलासा किया कि उसने बरेली के एक सरगना से हेरोइन ली थी और उसे लोनी और दिल्ली के कुछ हिस्सों में अपने संपर्कों तक पहुंचाया था।

उसने टीम को यह भी बताया कि उसने सात फरवरी को भलस्वा डेयरी क्षेत्र में जुम्मन नाम के एक व्यक्ति को 500 ग्राम हेरोइन की आपूर्ति की थी। तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जुम्मन का पता लगाया गया। उसके घर पर छापा मारा गया तथा उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके परिसर की तलाशी के दौरान, उसकी निशानदेही पर 194 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

पुलिस को पूछताछ में क्या पता चला?

पुलिस ने बताया कि आरिफ पहले गाजीपुर में अकाउटेंट के रूप में काम करता था, लेकिन कोविड-19 महामारी के दौरान उसकी नौकरी चली गई। बाद में उसने एक कार खरीदी और उसे टैक्सी के रूप में चलाना शुरू कर दिया। इसी दौरान, वह कथित तौर पर बरेली स्थित आपूर्तिकर्ता के संपर्क में आया और पैसों के लालच में हेरोइन की तस्करी करने लगा।

शिखा को इस अवैध गतिविधि की जानकारी थी और संदेह से बचने के लिए वह अपने पति के साथ ही जाती थी। पेशे से इलेक्ट्रीशियन जुम्मन पर आरिफ के माध्यम से हेरोइन खरीदने और उसे भलस्वा इलाके में रेलवे लाइन के पास छोटे-छोटे पैकेटों में बेचने का आरोप है।

अन्य सदस्यों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia