सलमान के घर फायरिंग मामले में बड़ी कामयाबी, आरोपियों को हथियार पहुंचाने वाले दो लोग पंजाब से गिरफ्तार

इधर मुंबई की एक अदालत ने सलमान के घर के बाहर फायरिंग में गिरफ्तार दो लोगों की पुलिस हिरासत 29 अप्रैल तक बढ़ा दी। बिहार के रहने वाले आरोपी विक्की गुप्ता और सागर पाल को पिछली हिरासत खत्म होने पर आज मुंबई के मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया।

सलमान के घर फायरिंग मामले में बड़ी कामयाबी, आरोपियों को हथियार पहुंचाने वाले दो लोग पंजाब से गिरफ्तार
सलमान के घर फायरिंग मामले में बड़ी कामयाबी, आरोपियों को हथियार पहुंचाने वाले दो लोग पंजाब से गिरफ्तार
user

नवजीवन डेस्क

मुंबई में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के आवास के बाहर हाल में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को पंजाब से सुभाष चंद्र और अनुज थापन नाम के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन दोनों ने ही गोली चलाने वालों को हथियार उपलब्ध कराए थे।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई क्राइम ब्रांच ने 14 अप्रैल को अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर फायरिंग की घटना में सुभाष चंद्र (37) और अनुज थापन (32) नाम के दो आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें मुंबई ले जाया जा रहा है। दोनों ने 15 मार्च को गोलीबारी करने वालों को हथियार उपलब्ध कराए थे। अपराध शाखा ने कहा कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी बिश्नोई गिरोह के संपर्क में थे और बंदूकों की आपूर्ति करते थे।


इस बीच, मुंबई की एक अदालत ने सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार दो लोगों की पुलिस हिरासत 29 अप्रैल तक बढ़ा दी। बिहार के रहने वाले आरोपी विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) को उनकी पिछली हिरासत गुरुवार को समाप्त होने के बाद मुंबई के मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया।

गुप्ता और पाल 14 अप्रैल की सुबह बांद्रा में गैलेक्सी अपार्टमेंट में सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी के बाद मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। आरोपियों को 16 अप्रैल को गुजरात के कच्छ जिले के माता नो मध गांव से पकड़ा गया था। बाद में, मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने गोलीबारी में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए हथियारों को बरामद करने के लिए एक तलाशी अभियान के दौरान गुजरात में तापी नदी से दो पिस्तौल, मैगजीन और गोलियां बरामद कीं। मुंबई पुलिस ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को भी मामले में ‘‘वांछित आरोपी’’ घोषित किया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia