वर्दी वाले गुंडे! मेरठ में दो सब इंस्पेक्टर पर व्यापारी का अपहरण और वसूली का आरोप, 15 लाख रुपए बरामद
जांच में मोबाइल फोन की लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज से यह पुष्टि हुई कि सभी तीनों लोग एक ही स्थान पर मौजूद थे। पूछताछ के दौरान पुलिस ने दोनों सब इंस्पेक्टरों से 15 लाख रुपये बरामद किए, लेकिन बाकी रकम लाने के बहाने वे फरार हो गए।

मेरठ में लोहिया नगर थाने में तैनात दो सब इंस्पेक्टरों पर एक धागा कारोबारी का अपहरण कर उससे 20 लाख रुपये वसूलने का आरोप लगा है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मामले की गोपनीय जांच के बाद आरोप सही पाए गए और 15 लाख रुपये भी बरामद कर लिये। उसने बताया कि दोनों सब इंस्पेक्टर फिलहाल फरार हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडेय ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें पुलिसकर्मियों द्वारा एक कारोबारी से अवैध वसूली की शिकायत मिली थी। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक ने कारोबारी को बुलाकर सभी तथ्यों की जानकारी ली और जांच के आदेश दिए। जांच में दोनों सब इंस्पेक्टरों की संलिप्तता की पुष्टि हुई।
एसएसपी ने कहा कि लोहिया नगर थाना प्रभारी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने फरार सब इंस्पेक्टरों की पहचान महेश और लोकेन्द्र साहू के रूप में की है, दोनों 2023 बैच के हैं। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के निवासी रसिक धागे का व्यापार करते हैं और उनका व्यवसाय दुबई से जुड़ा है।
उसने बताया कि जमीन की बिक्री से बड़ी रकम मिलने की सूचना पाकर दोनों सब इंस्पेक्टरों ने व्यापारी को अगवा किया, उसे सोना तस्करी के झूठे मामले में जेल भेजने की धमकी देकर 20 लाख रुपये वसूले। इसके बाद उन्होंने और 10 लाख रुपये की मांग की।
जांच में मोबाइल फोन की लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज से यह पुष्टि हुई कि सभी तीनों लोग एक ही स्थान पर मौजूद थे। पूछताछ के दौरान पुलिस ने दोनों सब इंस्पेक्टरों से 15 लाख रुपये बरामद किए, लेकिन बाकी रकम लाने के बहाने वे फरार हो गए।