बॉलीवुड के लिए कभी आतंक रहा अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी सेनेगल में गिरफ्तार, पूछताछ के लिए लाया जा सकता है भारत

माफिया सरगना रवि पुजारी के दक्षिण अफ्रिका के सेनेगल से गिरफ्तार हुआ है। खबरों के मुताबिक उसे पूछताछ के लिए भारत भी लाया जा सकता है। इससे पहले बताया जा रहा था कि पुजारी ऑस्ट्रेलिया में छिपा हुआ है।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी को अफ्रीकी देश सेनेगल में गिरफ्तार कर लिया गया है। खबरों के मुताबिक, उसे पूछताछ के लिए भारत लाया जा सकता है। रवि पुजारी पर हत्या और फिरौती मांगने जैसे कई संगीन आरोप है। ऐसा बताया जाता है कि एक समय रवि पुजारी का आंतक बॉलीवुड में काफी था। उसके निशाने पर बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां रह चुकी हैं। बता दें कि कुछ समय पहले तक रवि पुजारी के ऑस्ट्रेलिया में होने की बात की जा रही थी।

जुर्म की दुनिया में कदम रखने के बाद रवि पुजारी छोटा राजन के लिए काम करता था और उसे अपना उस्ताद मानता था। छोटा राजन और पुजारी अंतरराष्ट्रीय अपराधी दाऊद इब्राहिम के लिए काम करते थे। हालांकि, 2001 में दोनों अलग हो गए थे। छोटा राजन की बात करे तो इस समय नवी मुंबई की जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। 1990 के दशक में वह मुंबई से अपना गिरोह संचालित करता था। कर्नाटक पुलिस ने पुजारी के खिलाफ इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया था।

जून, 2018 में गुजरात के विधायक और दलित नेता जिग्नेश मेवाणी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें फोन कॉल और मैसेज के जरिए धमकाया जा रहा है और धमकाने वाला खुद को रवि पुजारी बता रहा है। मेवाणी को फोन करने वाले शख्स ने दावा किया था कि उसका नाम रवि पुजारी है और वह ऑस्ट्रेलिया में है।

बता दें कि रवि पुजारी ने बिल्डरों और बॉलीवुड हस्तियों को धमकाने का आरोप है। इतना ही नहीं उस पर फिल्म निर्देशक महेश भट्ट की दो बार हत्या की कोशिश करने का भी आरोप है। जुहू में फिल्म निर्माता करीम मोरानी के घर पर हुई शूटिंग के बाद पुलिस ने पुजारी गैंग की साजिश को नाकाम किया था। उस समय गिरफ्तार हुए पुजारी के गुर्गों ने खुलासा किया था कि पुजारी ने उन्हें मोरानी भाइयों और महेश भट्ट को मारने के लिए 11 लाख रुपये दिए थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 01 Feb 2019, 3:21 PM