अनोखी चोरीः पीएम मोदी का मुखौटा पहनकर आए चोर, दुकान का ताला तोड़कर ले उड़े 4 लाख के 40 मोबाइल

शातिर चोर ने पहचान छुपाने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखौटे का इस्तेमाल किया। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि कैसे यह शातिर चोर चेहरे पर पीएम मोदी का मुखौटा लगाए और हाथ में औजार लिए वारदात को अंजाम दे रहा है।

अनोखी चोरीः पीएम मोदी का मुखौटा पहनकर आए चोर, दुकान का ताला तोड़कर ले उड़े 4 लाख के 40 मोबाइल
i

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के करेड़ा कस्बे में चोरी की एक ऐसी हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों के साथ ही पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं। दरअसल शातीर चोरों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहनकर चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया और लाखों रुपये का मोबाइल उड़ाकर फरार हो गए।

करेड़ा कस्बे में मुखौटाधारी चोरों ने एक ही रात में दो मोबाइल दुकानों को निशाना बनाया, जिसमें से एक दुकान से वे करीब 4 लाख रुपये मूल्य के 40 महंगे स्मार्टफोन चुराकर रफूचक्कर हो गए। यहां शातिर चोरों ने पहचान छुपाने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखौटे का इस्तेमाल किया। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि कैसे यह शातिर चोर चेहरे पर पीएम मोदी का मुखौटा लगाए और हाथ में औजार लिए वारदात को अंजाम दे रहा है।

यह पूरी वारदात कस्बे के बस स्टैंड स्थित 'मातेश्वरी मोबाइल जोन' नामक दुकान में घटित हुई। दुकान के मालिक लक्ष्मण सेन जब सुबह अपनी दुकान पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने लाखों रुपये के मोबाइल पर हाथ साफ कर दिया था।

चोरों ने मध्य रात्रि को दुकान की छत पर बनी सीढ़ियों के गेट का ताला तोड़ा और नीचे दुकान में दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखे विभिन्न नामी कंपनियों के करीब 30 से 40 कीमती स्मार्टफोन समेटे और फरार हो गए, जिनकी कुल कीमत करीब 3 से 4 लाख रुपये बताई जा रही है। मातेश्वरी मोबाइल जोन में चोरी के बाद बेखौफ चोरों ने कस्बे के ही बीज गोदाम चौराहा स्थित 'सांवरिया मोबाइल' दुकान में भी सेंध लगाने की कोशिश की। चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे इसमें कामयाब नहीं हो सके।


हालांकि, उनकी यह पूरी करतूत दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि शटर का ताला तोड़ने का प्रयास कर रहा व्यक्ति अपने मुंह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहने हुए है, ताकि उसकी असली पहचान छिपी रहे। करेड़ा थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने बताया कि दुकान मालिक लक्ष्मण सेन ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सूचना मिलते ही वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। थानाधिकारी ने बताया कि जब पुलिस ने दुकान और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें एक चोर साफ तौर पर पीएम नरेंद्र मोदी का मुखौटा लगाए हुए दिखाई दिया।

उन्होंने बताया कि दिलचस्प बात यह है कि इस गैंग ने उसी रात कस्बे के बीज गोदाम चौराहा स्थित मोबाइल की एक अन्य दुकान का भी शटर तोड़ने का प्रयास किया था। वहां के सीसीटीवी फुटेज में भी वही शख्स मुंह पर हूबहू पीएम मोदी का मुखौटा लगाकर शटर का ताला तोड़ने की कोशिश करता हुआ दिख रहा है। करेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि दुकानदार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


कस्बे में एक ही रात में दो जगहों पर हुई इस बड़ी वारदात और चोरों के इस नए तौर-तरीके से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। वारदात की खबर मिलते ही स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों की भारी भीड़ मातेश्वरी मोबाइल जोन के बाहर जमा हो गई और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। कस्बे के व्यापार मंडल ने थानाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मुख्य बाजारों में पुलिस की रात्रिकालीन गश्त को तुरंत मजबूत करने और चोरों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने की मांग की है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए