UP: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क में निर्माणाधीन हॉस्टल में दो मजदूरों की निर्मम हत्या, इलाके में सनसनी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए। जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन हॉस्टल में हाल ही में तीन मजदूर काम करने के लिए आए थे।

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में स्थित सीताराम इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल में दो मजदूरों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों मजदूरों के शव हॉस्टल परिसर के एक कमरे में लहूलुहान अवस्था में पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में हत्या धारदार हथियार से किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए। जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन हॉस्टल में हाल ही में तीन मजदूर काम करने के लिए आए थे। बताया जा रहा है कि ये लोग माली का काम करने के लिए दो दिन पहले ही यहां पहुंचे थे और परिसर में ही बने एक कमरे में रह रहे थे।
शुक्रवार सुबह जब अन्य कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर संदेह जताया तो अंदर जाकर देखा गया। कमरे के भीतर दो मजदूरों के शव खून से लथपथ पड़े मिले, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।
कमरे के भीतर खून के निशान और संघर्ष के संकेत मिलने की बात सामने आ रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना से जुड़े किसी संदिग्ध की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद या किसी पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है, हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगा।
तीसरे मजदूर की तलाश भी की जा रही है, क्योंकि घटना के बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम करने वाले मजदूरों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
