यूपी: उमेश पाल अपहरण केस में प्रयागराज की MP-MLA कोर्ट से आज आएगा फैसला, अतीक अहमद को अदालत में किया जाएगा पेश

उमेश पाल अपहरण मामला 17 साल पुराना है। इस मामले में अतीक अहमद मुख्य आरोपी हैं। उमेश पाल ने उस समय आरोप लगाया था कि 28 फरवरी 2006 के अतीक अहमद ने उसका अपहरण करवाया।

फोटो: सोशल मीडिया
i

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की एमपी-एमएलए कोर्ट से उमेश पाल अपहरण केस में आज फैसला आएगा। इस मामले में आरोपी माफिया डॉन अतीक अहमद को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले में अतीक अहमद के भाई अशरफ समेत अन्य आरोपियों को भी कोर्ट में पेश किया जाएगा। फैसला आने से पहले प्रयागराज में उमेश पाल के आवास के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

गुजरात से माफिया डॉन अतीक अहमद को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज लाया जा चुका है। अतीक अहमद प्रयागराज के नैनी सेंट्रल जेल में बंद है। अतीक अहमद के भाई अशरफ को भी प्रयागराज लाया गया है। इससे पहले उमेश पाल अपहरण केस में सुनवाई के लिए अतीक अहमद को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया गया था। आदेश के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस अतीक अहमद को गुजरात के साबरमती जेल से प्रयागराज लाने गई थी। कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार शाम अतीक अहमद को लेकर पुलिस प्रयागराज पहुंची थी।

उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने कहा कि मैं कोर्ट से यही उम्मीद करती हूं कि उसको (अतीक अहमद) फांसी की सजा दिलाई जाए। जब तक जड़ खत्म नहीं होगी तब तक कुछ नहीं हो पाएगा। हम डर के साए में जी रहे हैं।

उमेश पाल की मां शांती देवी ने कहा कि मेरे बेटे ने बहुत संघर्ष किया है। जेल उसका (अतीक अहमद) घर है और वहां से वो कुछ भी करा सकता है। प्रशासन ने अभी तक जो भी कुछ किया है उससे हम संतुष्ट हैं। मेरी यही मांग है कि उसको फांसी की सजा हो।


ये है पूरा मामला?

उमेश पाल अपहरण मामला 17 साल पुराना है। इस मामले में अतीक अहमद मुख्य आरोपी हैं। उमेश पाल ने उस समय आरोप लगाया था कि 28 फरवरी 2006 के अतीक अहमद ने उसका अपहरण करवाया। उसके साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी दी, क्योंकि वह राजू पाल हत्याकांड का एकमात्र गवाह था।

उमेश के मुताबिक, 28 फरवरी 2006 को अतीक अहमद की लैंड क्रूजर कार समेत एक अन्य वाहन ने उसका रास्ता रोका और घेर लिया। उस कार से दिनेश पासी, अंसार बाबा और अन्य लोग नीचे ऊतरे और उन्होंने उस पर पिस्तौल तान दी और कार में खींच लिया। कार के अंदर अतीक अहमद और तीन अन्य लोग राइफल लेकर बैठे थे। उससे मारपीट की गई और चकिया स्थित अपने दफ्तर लेकर पहुंचे। कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की गई। उसे करंट के झटके भी दिए गए।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 28 Mar 2023, 8:49 AM