यूपी से दिल दहलाने वाली खबर! पत्नी ने पति को चारपाई से बांधकर कुल्हाड़ी से किए 5 टुकड़े, फिर नहर में फेंक दिया

पुलिस की पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि रविवार रात उसने अपने पति को सोते समय चारपाई से बांध दिया। इसके बाद कुल्हाड़ी से काट डाला और शव के 5 टुकड़े कर दिए। इसके बाद शव के टुकड़ों को गांव के पास नहर में लेजाकर फेंक दिया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। थाना गजरौला क्षेत्र के शिवनगर गांव में एक महिला ने पति को चारपाई से बांधकर कुल्हाड़ी से काट डाला। यही नहीं उसने शव के 5 टुकड़े किए और पास के नहर में ले जाकर फेंक दिया। गोताखोरों की मदद से पुलिस नहर में शव की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

बताया जा रहा है कि 55 वर्षीय रामपाल मंगलवार सुबह से लापता था। अक्सर रामपाल और उसकी पत्नी दुलारो देवी के बीच विवाद होता रहता था। खबरों के मुताबिक, दुलारो देवी की दोस्ती उसके पति रामपाल के दोस्त से हो गई थी। कुछ दिन पहले महिला उसी के पास जाकर रहने लगी थी। बताया जा रहा है कि एक महीने पहले ही वह गांव लौटी थी।

रामपाल का बेटा सोमपाल अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गांव में ही दूसरे मकान में रहता है।मां दुलारो देवी ने अपने बेटे सोमपाल को बताया कि उसके पिता घर से गायब हैं। पहले बेटे ने पिता की तलाश की। जब वह नहीं मिले तो बेटे ने पिता के लापता होने की सूचना गजरौला थाने में दी। बेटे ने पुलिस को यह भी बताया कि उसकी मां कुछ दिन पहले ही गांव में आई है। पुलिस ने शक के आधार पर दुलारो देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ के दौरान दुलारों देवी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि रविवार रात उसने अपने पति को सोते समय चारपाई से बांध दिया। इसके बाद कुल्हाड़ी से काट डाला और शव के 5 टुकड़े कर दिए। इसके बाद शव के टुकड़ों को गांव के पास नहर में लेजाकर फेंक दिया। महिला से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने नहर में रामपाल के खून से सने कपड़े और बिस्तर बरामद कर लिया।


पुलिस ने बताया कि शव के टुकड़े अभी बरामद नहीं हुए हैं। नहर में तलाश जारी है। नहर के पानी को बंद करा दिया गया। गोताखोरों की मदद ली जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति उसे पीटता था। पति ने जमीन गिरवीं रख दी थी और बेटी की शादी करनी है। पुलिस ने कहा कि इस मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हत्या की असली वजह क्या है, इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 28 Jul 2023, 10:01 AM