मध्य प्रदेश में कंटेनर ट्रक से 70 लाख रुपये की व्हिस्की जब्त, तस्करी के जरिये गुजरात भेजे जाने का संदेह

आबकारी विभाग के एक अन्य अधिकारी ने संदेह जताया कि शराब की खेप को तस्करी के जरिये गुजरात पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी जहां शराबबंदी लागू है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

इंदौर में आबकारी विभाग ने एक कंटेनर ट्रक से अलग-अलग ब्रांड की 70 लाख रुपये की व्हिस्की जब्त की है और इस वाहन के चालक को गिरफ्तार किया है। आबकारी विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि शहर के बायपास रोड पर बृहस्पतिवार देर रात एक कंटेनर ट्रक की जांच के दौरान दो अलग-अलग ब्रांड की शराब की करीब 500 पेटियां जब्त की गई हैं। उन्होंने बताया कि बरामद शराब का मूल्य करीब 70 लाख रुपये आंका जा रहा है।


अग्रवाल ने बताया कि शराब की बोतलों पर दर्ज है कि इसे केवल चंडीगढ़ में बेचा जा सकता है और कंटेनर के चालक के पास मदिरा की खेप के परिवहन की अनुमति से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं पाए गए। उन्होंने बताया कि चालक को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

आबकारी विभाग के एक अन्य अधिकारी ने संदेह जताया कि शराब की खेप को तस्करी के जरिये गुजरात पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी जहां शराबबंदी लागू है।

उन्होंने बताया कि शराब तस्कर अक्सर पुलिस और आबकारी विभाग की जांच से बचने के लिए रास्ते में चालक और मार्ग बदलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में विस्तृत जांच जारी है।.लस

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए