ताजा हुए 26/11 के जख्म! महाराष्ट्र के रायगढ़ में समुद्र तट पर मिली संदिग्ध नाव, AK-47 समेत कारतूस मिलने से हड़कंप

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि नाव एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक की है। नाव से 3 एके-47 राइफल मिली है। किसी आतंकी एंगल की पुष्टि नहीं हुई है। सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।

फोटोः ANI
फोटोः ANI
user

नवजीवन डेस्क

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में हरिहरेश्वर तट पर समुद्र में संदिग्ध नाव मिलने से हड़कंप मच गया है। नाव पर 3 एके 47 राइफलें, कुछ कारतूस और अन्य संदिग्ध सामान मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने हथियारों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है और पूरे रायगढ़ जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं मामले की जांच के लिए महाराष्ट्र एटीएस की टीम भी रवाना हो गई है।

इस बीच महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जानकारी देते हुए बताया कि नाव एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक की है। समुद्र में नाव का इंजन फट गया था। नाव से लोगों को निकाला गया, जिसके बाद यह हरिहरेश्वर समुद्र तट पर पहुंचा। नाव से 3 एके-47 राइफलें मिलीं हैं। आधी टूटी हालत में नाव उच्च ज्वार के कारण कोकण तट की ओर आ गई। केंद्रीय एजेंसियों को सूचित किया गया है। एटीएस भी इस पर काम कर रही है। किसी आतंकी एंगल की पुष्टि नहीं हुई है। सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।


वहीं इससे पहले रायगढ़ के श्रीवर्धन से विधायक अदिति तटकरे ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार रायगढ़ के श्रीवर्धन के हरिहरेश्वर और भारदखोल में हथियार और कुछ दस्तावेजों के साथ नाव मिली है। जांच चल रही है। मैंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की जांच के लिए एटीएस या स्टेट एजेंसी की स्पेशल टीम तत्काल नियुक्त करें।

बताया जा रहा है कि नाव पर एके47 और कुछ कारतूस के अलावा विस्फोटक भी था। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, एक नाव हरिहरेश्वर तट पर मिली है। उसके अलावा भरदखोल में एक लाइफ बोट मिली है। हालांकि, इन पर कोई मौजूद नहीं था। कोस्ट गार्ड और महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड को तुरंत जानकारी दी गई है। पुलिस ने नाव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। जहां पर ये नाव मिली है, वह जगह मुंबई से 200 किमी और पुणे से 170 किमी दूर है।


वहीं रायगढ़ के एसपी अशोक धुधे ने हरिहरेश्वर तट पर नाव में एके 47 मिलने की पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने अभी तक और कोई जानकारी नहीं होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि अभी जांच जारी है। हालांकि, सूत्रों ने बताया है कि नाव ऑस्ट्रेलियन है। इस पर कुछ लोग सवार थे। लेकिन इन लोगों ने कोस्ट गार्ड को हरिहरेश्वर तट पर आने की सूचना भी नहीं दी और वे कहा गए इसकी भी कोई जानकारी नहीं है।

गौरतलब है कि हथियार के साथ नाव मिलने की घटना से एक बार 26/11 हमलों के जख्म हरे हो गए हैं। करीब 13 साल पहले 26 नवंबर 2008 को मुंबई में आतंकी हमला हुआ था। उस हमले के लिए लश्कर के 10 आतंकी इसी तरह समुद्र के रास्ते नाव के जरिये पाकिस्तान से भारत पहुंचे थे। समुद्र तट पर नाव से उतरने के बाद आतंकी अलग-अलग हो गए थे और पहले से तय अपने लक्ष्यों के पास पहुंचने के बाद उन्होंने वहां अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी। आतंकियों ने ताज समेत दो होटलों, एक अस्पताल और रेलवे स्टेशन को निशाना बनाया था, जिसमें 160 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia