अर्थजगत की खबरेंः रूस-यूक्रेन शांति वार्ता की संभावना से लौटी शेयर बाजार की रौनक, रूस ने दोगुना किया ब्याज दर

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की बागडोर पहली बार किसी महिला को देते हुए सरकार ने माधबी पुरी को नया सेबी अध्यक्ष नियुक्त किया है। गूगल ने रूसी आक्रमण का सामना कर रहे यूक्रेन में अपने मैप्स के लाइव ट्रैफिक डेटा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

रूस-यूक्रेन के बीच शांति वार्ता की संभावना से लौटी शेयर बाजार की रौनक

रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता की खबरों से उत्साहित निवेशकों ने सोमवार को जमकर लिवाली की, जिसके दम पर घरेलू शेयर बाजार हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे। शुरूआती पहर में तेज गिरावट के साथ खुलने वाले दोनों शेयर बाजार बाद के पहर में अपने घाटे से उबर गए। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 0.7 प्रतिशत यानी 389 अंक की छलांग लगाकर 56,247 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.8 प्रतिशत यानी 136 अंक की तेजी के साथ 16,793 अंक पर बंद हुआ।

निफ्टी की 50 कंपनियों में हिंडाल्को के शेयरों के दाम सबसे अधिक 7.2 प्रतिशत की तेजी में चढ़े। इसके बाद टाटा स्टील के शेयरों में 6.3 प्रतिशत, पावर ग्रिड में 5.6 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील में 4.6 प्रतिशत और बीपीसीएल में 3.9 प्रतिशत की बढ़त रही। निफ्टी में सबसे अधिक नुकसान एचडीएफसी लाइफ, डॉ रेड्डीज, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक को उठाना पड़ा। निफ्टी में सबसे अधिक धातु तथा तेल और गैस के सूचकांक में तेजी रही।

रूस ने ब्याज दर में दोगुनी से अधिक वृद्धि की

अमेरिकी डॉलर की तुलना में रूबल में आयी 30 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के कारण रूस ने अपने प्रमुख ब्याज दर में दोगुनी से अधिक वृद्धि कर दी है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, रूस के केंद्रीय बैंक ने ब्याज दर को 9.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत कर दिया है ताकि रूबल में आयी तेज गिरावट के प्रभाव को कम किया जा सके। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद पश्चिमी देशों ने रूस पर कई प्रतिबंध लगाए हैं। इस दबाव के बीच अंतराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चले गये।

सेबी की नई प्रमुख बनीं माधबी पुरी

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की बागडोर पहली बार किसी महिला के हाथ में थमाते हुए केंद्र सरकार ने माधबी पुरी को नया सेबी अध्यक्ष नियुक्त किया है। सोमवार को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक माधबी पुरी सेबी की पूर्व पूर्णकालिक सदस्य थीं। यह पहली बार है कि निजी क्षेत्र के किसी व्यक्ति को सेबी की कमान सौंपी गयी है। माधबी पुरी का कार्यकाल पद ग्रहण के दिन से तीन साल का होगा। माधबी पुरी अजय त्यागी का स्थान लेंगी। अजय त्यागी का कार्यकाल सोमवार को ही समाप्त हो रहा है।


गूगल ने यूक्रेन में मैप्स का लाइव ट्रैफिक डेटा बंद किया

टेक दिग्गज गूगल ने यूजर्स की सुरक्षा के लिए यूक्रेन में अपने मैप्स के लाइव ट्रैफिक डेटा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है, क्योंकि देश को रूसी आक्रमण का सामना करना पड़ रहा है। वाइस वल्र्ड न्यूज ने बताया कि यह ज्ञात नहीं है कि वास्तव में गूगल ने मैप्स के लाइव ट्रैफिक डेटा को कब बंद किया और किस कारण से यह कदम उठाया गया। यह भी स्पष्ट नहीं है कि गूगल ने पिछले संघर्षों या युद्धों के दौरान इन सुविधाओं को कभी बंद किया है या नहीं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि गूगल ने केवल इतना कहा है कि उसने क्षेत्रीय अधिकारियों सहित स्रोतों के साथ परामर्श के बाद स्थानीय यूक्रेनी समुदायों की सुरक्षा के लिए कार्रवाई की है।हालांकि, यह कदम उन रिपोर्ट्स के बाद आया है जिनमें दावा किया गया था कि दुनिया भर के लोग रूसी आक्रमण के दौरान सैनिकों और नागरिकों की गतिविधियों को ट्रैक करने के लिए सेवा का उपयोग कर रहे थे।

रूस ने विदेशी निवेशकों की बिकवाली पर लगाया प्रतिबंध

रूस के केंद्रीय बैंक ने सोमवार को कहा कि उसने ब्रोकर्स को आदेश दिया है कि वह रूस के शेयर बाजार में विदेशी संस्थानों और व्यक्तियों के निवेश को बेचने के सभी आदेश निलंबित कर दे। रूस के केंद्रीय बैंक ने कहा कि उसने अब तक यह फैसला नहीं किया है कि मॉस्को एक्सचेंज को खोला जाए या नहीं। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, रूस के केंद्रीय बैंक ने ऐसे समय में यह फरमान सुनाया है, जब रूबल 30 प्रतिशत की गिरावट झेल रहा है।

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध से निवेशक भारी मात्रा में शेयरों को बेचकर अपना पैसा निकाल रहे हैं। रूस ने इसी कारण अपने शेयर बाजार में कारोबार बंद कर दिया था। रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों के परिप्रेक्ष्य में रूस के केंद्रीय बैंक ने निवेशकों को शांत रहने की सलाह दी थी। केंद्रीय बैंक ने कहा था कि उसके पास जरूरी संसाधन हैं, जिनसे वह वित्तीय स्थिरता को बरकरार रख सकता है।

शनिवार को अमेरिका,ब्रिटेन और कनाडा ने रूस के केंद्रीय बैंक की संपत्ति जब्त करने की घोषणा की थी। केंद्रीय बैंक के पास 630 अरब डॉलर का भंडार है। इस प्रतिबंध के कारण केंद्रीय बैंक अपनी विदेशी संपत्ति को नहीं बेच सकता है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia