अर्थतंत्र की खबरें: दिवाली से पहले शेयर बाजार में जश्न, सेंसेक्स 2,009 अंक चढ़ा और धनतेरस से पहले सोना-चांदी में उछाल
शेयर बाजार में दिवाली से पहले जश्न जारी है। बाजार में बृहस्पतिवार लगातार छठे कारोबारी सत्र में तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स करीब 2,009 अंक की छलांग लगा गया जबकि एनएसई निफ्टी 24,500 अंक के पार पहुंच गया।

शेयर बाजार में दिवाली से पहले जश्न जारी है। बाजार में बृहस्पतिवार लगातार छठे कारोबारी सत्र में तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स करीब 2,009 अंक की छलांग लगा गया जबकि एनएसई निफ्टी 24,500 अंक के पार पहुंच गया।
अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के नतीजों के बाद पश्चिम एशिया संघर्ष के समाधान की उम्मीद, कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के साथ यह तेजी आई। अमेरिका में मध्यावधि चुनावों में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी को अमेरिकी संसद पर नियंत्रण मिल गया है।
इसके अलावा, विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और अमेरिकी बाजारों में जोरदार तेजी से भी निवेशकों की धारणा मजबूत हुई।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 2,008.61 अंक यानी 2.60 प्रतिशत उछलकर 79,310.01 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 2,168.63 अंक की बढ़त के साथ 79,470.03 अंक पर पहुंच गया था।
एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 576 अंक यानी 2.40 प्रतिशत चढ़कर तीन महीने के उच्चतम स्तर 24,536.60 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले सात अगस्त को निफ्टी 24,550 अंक के स्तर के पार गया था।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में बजाज फाइनेंस के शेयर में सबसे अधिक 7.77 प्रतिशत की तेजी आई। इसके अलावा इंटरग्लोब एविएशन में 5.80 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 5.29 प्रतिशत, मारुति 5.28 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 5.15 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व में 4.66 प्रतिशत की बढ़त रही।
दूसरी ओर नुकसान में रहने वाले शेयरों में एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, अदाणी पोर्ट्स और आईटीसी शामिल हैं।
पिछले लगातार छह कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 6,063.98 अंक यानी 8.27 प्रतिशत चढ़ा है, जबकि निफ्टी में 1,837.75 अंक यानी आठ प्रतिशत की तेजी आई है।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.59 प्रतिशत बढ़कर 96.12 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
धनतेरस से पहले दिल्ली में सोना 2,200 रुपये चढ़ा, चांदी में 1,500 रुपये की तेजी
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेजी जारी रही। धनतेरस से पहले आभूषण विक्रेताओं और खुदरा कारोबारियों की खरीदारी बढ़ने से सोना 2,200 रुपये उछलकर 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 2,200 रुपये बढ़कर 1,48,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) हो गया। बुधवार को इसका भाव 1,46,600 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
चांदी की कीमतों में भी तेजी जारी रही। इसका भाव 1,500 रुपये बढ़कर 1,94,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) हो गया, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,93,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था।
कारोबारियों ने कहा कि शुक्रवार को धनतेरस और रविवार को दिवाली के मद्देनजर आभूषण विक्रेताओं, खुदरा कारोबारियों और थोक विक्रेताओं ने खरीदारी बढ़ा दी है। धनतेरस पर सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं की खरीदारी को शुभ माना जाता है।
उन्होंने कहा कि निवेश मांग ने भी खरीदारी को समर्थन दिया।
त्योहारी मौसम में कीमती धातुओं की कीमतों में यह तेजी पिछले साल की तुलना में उनकी कीमतों में हुई भारी वृद्धि के बीच आई है। पिछले साल 18 अक्टूबर को धनतेरस के अवसर पर सोने का भाव 1,32,400 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 1.70 लाख रुपये प्रति किलोग्राम था।
मोनार्क पीएमएस के सहायक कोष प्रबंधक ध्रुव जोगलेकर ने कहा कि तब से सोने की कीमतों में करीब 13 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और घरेलू बाजार में इसका भाव 1.40 लाख से 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में रहा है।
उन्होंने कहा कि अत्यधिक उतार-चढ़ाव वाले इस साल में सोने से मिले लाभ ने पूंजी संरक्षण के सामान्य मानकों को भी काफी पीछे छोड़ दिया है।
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से रुपये को मिला सहारा, 94.46 प्रति डॉलर पर स्थिर
रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.46 (अस्थायी) पर लगभग स्थिर रहा। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से मिले समर्थन ने विदेशी बाजारों में अमेरिकी डॉलर की मजबूती के असर को खत्म कर दिया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि पिछले कारोबारी सत्रों में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तेज सुधार के बाद भारतीय रुपये में निकट अवधि में स्थिरता के संकेत दिख रहे हैं। हालांकि, घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने रुपये में गिरावट को सीमित किया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया कमजोर खुला और कारोबार के दौरान लुढ़ककर 94.57 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, अंतिम कारोबारी सत्र में रुपये ने कुछ नुकसान की भरपाई की और 94.46 (अस्थायी) पर रहा जो पिछले बंद भाव के बराबर है।
रुपया बुधवार को 29 पैसे चढ़कर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.46 पर बंद हुआ था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
