अर्थतंत्र की खबरें: सोने की चमक बढ़ी, अचानक बढ़े इतने दाम और शेयर बाजार में बड़ी गिरावट
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत 1,075 रुपए बढ़कर 1,59,097 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,58,022 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।

सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। इससे सोने की कीमत फिर से 1.59 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पार और चांदी का दाम 2.66 लाख रुपए प्रति किलो से अधिक हो गया है।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत 1,075 रुपए बढ़कर 1,59,097 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,58,022 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
22 कैरेट सोने की कीमत 985 रुपए बढ़कर 1,45,733 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,44,748 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। 18 कैरेटे सोने का दाम 1,18,517 रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1,19,323 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है।
सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी तेजी देखी गई है। चांदी का दाम 6,033 रुपए बढ़कर 2,66,700 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 2,60,667 रुपए प्रति किलो था।
हाजिर के साथ वायदा बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने के 2 अप्रैल 2026 के कॉन्ट्रैक्ट का दाम 0.45 प्रतिशत बढ़कर 1,60,435 रुपए और चांदी के 5 मई 2026 के कॉन्ट्रैक्ट का दाम 2.45 प्रतिशत बढ़कर 2,74,520 रुपए पर पहुंच गया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। खबर लिखे जाने तक सोने की कीमत 0.20 प्रतिशत बढ़कर 5,204 डॉलर प्रति औंस और चांदी की कीमत 3.07 प्रतिशत बढ़कर 89.66 डॉलर प्रति औंस पर थी।
जानकारों के मुताबिक, सोने और चांदी की कीमतों में तेजी की वजह ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत का निर्णायक स्तर तक न पहुंचना है, जिससे चलते निवेश सुरक्षित समझे जाने वाले सोने और चांदी में खरीदारी कर रहे हैं।
बिकवाली दबाव से शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 961 अंक लुढ़का, निफ्टी 25,200 के नीचे
कमजोर वैश्विक रुझानों, बढ़ते तनाव विदेशी पूंजी की ताजा निकासी के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 961 अंक लुढ़क गया जबकि निफ्टी 318 अंक टूटकर 25,200 के स्तर के नीचे आ गया।
विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिका-ईरान परमाणु वार्ता में प्रगति न होने से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका ने निवेशक धारणा को प्रभावित किया।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक 961.42 अंक यानी 1.17 प्रतिशत लुढ़ककर 81,287.19 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,089.46 अंक यानी 1.32 प्रतिशत तक गिरकर 81,159.15 अंक पर आ गया था।
इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 317.90 अंक यानी 1.25 प्रतिशत गिरकर 25,178.65 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से सन फार्मा, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), महिंद्रा एंड महिंद्रा और मारुति सुजुकी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, ट्रेंट, इन्फोसिस और इटर्नल के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 3,465.99 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,031.57 करोड़ रुपये की खरीदारी की।
डॉलर के मुकाबले रुपया आठ पैसे टूटकर 90.99 पर बंद
वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी से शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया आठ पैसे टूटकर 90.99 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
विदेशीमुद्रा कारोबारियों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की पूंजी निकासी और घरेलू शेयर बाजार में गिरावट से रुपये पर और दबाव पड़ा।
अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया 90.91 पर खुला और 90.91 से 91.06 के दायरे में घट-बढ़ के बाद अंत में 90.99 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से आठ पैसे की गिरावट है। बृहस्पतिवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 90.91 पर अपरिवर्तित रुख के साथ बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक, अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि घरेलू शेयर बाजार में कमजोर रुख तथा अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने की वजह से रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। डॉलर-रुपया हाजिर कीमत 90.70 रुपये से 91.20 रुपये के बीच रहने का अनुमान है।’’
इस बीच, विश्व की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को मापने वाला, डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत टूटकर 97.74 पर रहा।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia